अमूल ने दिवाली से पहले घी-बटर के बढ़ाए दाम, कितने हुए महंगे?
दिवाली से ठीक पहले अमूल ने अपने घी और बटर के दाम बढ़ा दिए हैं। अब 1 किलोग्राम घी का पैक 680 रुपये का हो गया है, जो पहले से 50 रुपये ज्यादा है।
दूसरी तरफ, 500 ग्राम बटर का पैक 15 रुपये महंगा होकर 325 रुपये में मिलेगा। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब त्योहारों के कारण घी-बटर की मांग बहुत बढ़ गई है और कई शहरों में दुकानों से स्टॉक खत्म होने लगा है।
नकली घी पर कार्रवाई से बढ़ी मांग
गुजरात और राजस्थान में नकली घी बनाने वालों पर सरकारी सख्ती के बाद लोग अमूल जैसे भरोसेमंद ब्रांड की तरफ ज्यादा मुड़ रहे हैं।
खासकर त्योहारों का मौसम पूरे जोरों पर है। भारत में सालभर में जितना घी बिकता है, उसका करीब आधा हिस्सा इसी समय खप जाता है, इसलिए बाजार में सप्लाई कम पड़ रही है।
वडोदरा, अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता जैसे शहरों के दुकानदारों का कहना है कि गणेश चतुर्थी के बाद से ही उन्हें मांग पूरी करने में दिक्कत आ रही है।