ब्लू ओरिजन 26 साल बाद निवेशकों से जुटाएगी पैसा
जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजन 26 साल बाद बाहर के निवेशकों के लिए अपने दरवाजे खोल रही है। अब तक कंपनी का पूरा खर्च बेजोस ही उठा रहे थे। यह कदम अचानक नहीं उठाया गया है। कंपनी एलन मस्क की स्पेस-X के साथ कड़ा मुकाबला और अपनी रफ्तार बढ़ाना चाहती है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेव लिम्प ने एक मेमो जारी कर इस खबर की जानकारी दी और इसे एक अहम बदलाव करार दिया।
करीब 900 अरब रुपये की फंडिंग जुटाने का लक्ष्य
इस बार कंपनी 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) जुटाना चाहती है, जिसकी अगुवाई कोटि मैनेजमेंट कर रही है।
फिलहाल कंपनी का मूल्यांकन 130 अरब डॉलर (करीब 12,000 अरब रुपये) किया गया है। लिम्प के मुताबिक, यह उसके दीर्घकालिक विजन पर सच्चा भरोसा दिखाता है।
स्पेस-X लॉन्च के मामलों में काफी आगे है। ऐसे में ब्लू ओरिजन को उम्मीद है कि नई फंडिंग से वह अपनी रफ्तार बढ़ा सकेगी और मुकाबला कर पाएगी। इस बारे में ज्यादा जानकारी 30 जुलाई को होने वाली टाउन हॉल मीटिंग में दी जाएगी।