अमेरिकी टेक कंपनियों के कमाई आंकड़ों से पता चलेगा AI में निवेश फायदेमंद है या नहीं
वॉल स्ट्रीट के लिए यह सप्ताह काफी अहम है। इस दौरान अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियां अपनी तिमाही कमाई की रिपोर्ट जारी करेंगी।
इन रिपोर्ट्स से यह साफ हो जाएगा कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में जो बड़े निवेश किए हैं, वे वाकई फायदे का सौदा साबित हो रहे हैं या नहीं।
दूसरी तरफ, सभी की निगाहें फेडरल रिजर्व की नीति बैठक पर भी टिकी हैं, यह देखने के लिए कि ब्याज दरों को लेकर उनका अगला कदम क्या होगा?
पिछले सप्ताह टेक शेयरों में आई थी गिरावट
पिछले सप्ताह मेटा और लैम रिसर्च के उम्मीद से कमजोर नतीजों के बाद कुछ टेक शेयरों में गिरावट आई थी। इससे निवेशक यह सोचने लगे हैं कि क्या AI को लेकर जो इतना प्रचार और उत्साह है, वह सच में कंपनियों को बड़ा मुनाफा दे पाएगा?
इस साल क्लाउड सेवाओं पर खर्च 800 अरब डॉलर (करीब 76,000 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है। ऐसे में इन कंपनियों को यह दिखाना होगा कि उन्होंने जो भारी निवेश किया है, वह वाकई फायदेमंद है। साथ ही फेडरल रिजर्व ब्याज दरों पर जो भी फैसला लेगा, उसका बाजार की चाल और निवेशकों के विश्वास पर काफी असर देखने को मिल सकता है।