शेयर बाजार: सेंसेक्स 900 अंक लुढ़का, निफ्टी 23,000 के नीचे फिसला
भारतीय शेयर बाजारों में साेमवार (28 सितंबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह 9:42 बजे तक सेंसेक्स 900.50 अंक लुढ़ककर 72,995.24 पर आ गया, वहीं निफ्टी भी 23,000 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया।
यह लगातार 7वां सप्ताह है, जब बाजार में कमजोरी दिख रही है। इसकी मुख्य वजह बढ़ती कच्चे तेल की कीमतें और विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय बाजारों से पैसा निकालना बताया जा रहा है।
ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर के पार पहुंचा
ब्रेंट क्रूड ऑयल 2.20 फीसदी बढ़कर 106.61 डॉलर (करीब 10,000 रुपये) प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे देश में आयात महंगा हो गया और महंगाई का दबाव बढ़ गया है।
बीमा कमीशन के नियमों में बदलाव के प्रस्ताव के बाद बजाज फाइनेंस और HDFC बैंक जैसे बड़े फाइनेंस शेयरों में भी कमजोरी आई। दूसरी तरफ, विदेशी निवेशकों ने सितंबर में ही करीब 19,000 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिससे बाजार में और घबराहट बढ़ गई। इसके चलते इंडिया VIX में 10.73 फीसदी का उछाल देखने को मिला।