डॉलर के मुकाबले 5 पैसे कमजोर होकर 95 के स्तर के करीब पहुंचा रुपया
बुधवार (9 सितंबर) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोरी के साथ खुला। मंगलवार (8 सितंबर) को रुपया 94.82 पर बंद हुआ था, जबकि आज यह 5 पैसे की गिरावट के साथ 94.87 प्रति डॉलर पर खुला। दरअसल कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में फिर से बढ़े भू-राजनीतिक तनाव ने घरेलू मुद्रा पर दबाव बनाए रखा। इसकी मुख्य वजह कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतें बताई जा रही हैं, जो इस समय लगभग 99.25 डॉलर (करीब 9,400 रुपये) प्रति बैरल तक पहुंच चुकी हैं।
फिनरेक्स के मुताबिक, आज रुपया 94.50 से 95.25 के दायरे में रहने की उम्मीद है। बाजार में आयात करने वाले ट्रेडर डॉलर के दाम गिरने पर इसे खरीद सकते हैं, जबकि 95 रुपये के पार जाते ही निर्यात करने वाले इसे बेचेंगे।
RBI दे सकता है सुधार के लिए दखल
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) रुपये को 95 के उस अहम स्तर को पार करने से रोकने के लिए बाजार में दखल दे सकता है। भले ही भारतीय रुपया कमजोर पड़ा, लेकिन एशिया की ज्यादातर मुद्राएं अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुईं।
फिलीपींस पेसो और जापानी येन में बढ़त देखने को मिली। हालांकि, मलेशिया का रिंगिट इकलौती ऐसी मुद्रा रही, जो इस सत्र में कमजोर हुई।