टेनसेंट लगातार खरीद रही अपने शेयर, फिर भी नहीं थम रही गिरावट
टेनसेंट मई के मध्य से लगभग हर कारोबारी दिन अपने शेयर वापस खरीद रही है। अक्टूबर की शुरुआत से अब तक कंपनी के बाजार मूल्य में 309 अरब डॉलर (करीब 29,000 अरब रुपये) की भारी गिरावट आई थी, जिसके चलते अब उसने शेयर वापसी में तेजी लाई है। इस प्रक्रिया में, अकेले जून में ही कंपनी ने 1.1 अरब डॉलर (करीब 100 अरब रुपये) खर्च किए हैं।
इन तमाम कोशिशों के बावजूद कंपनी के शेयर अपने उच्चतम स्तर से 33 फीसदी से भी ज्यादा नीचे आ चुके हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि निवेशकों को कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) योजनाओं पर अभी भी पूरा भरोसा नहीं है। वे अब ऐसी कंपनियों में निवेश के अवसर तलाश रहे हैं, जो विशेष रूप से AI के क्षेत्र में काम कर रही हैं।
AI निवेश करेगी दोगुना
टेनसेंट ने ऐलान किया है कि वह इस साल अपना AI निवेश कम से कम 5.3 अरब डॉलर (करीब 500 अरब रुपये) से ज्यादा कर देगी। इसके साथ ही, कंपनी ने वीचैट पर एक AI असिस्टेंट की टेस्टिंग भी शुरू कर दी है, जिसका इस्तेमाल एक अरब से ज्यादा लोग करते हैं। इन बड़े कदमों के बावजूद भी कंपनी के शेयरों का मूल्यांकन अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।
इसके शेयर लगातार 5वें महीने गिर रहे हैं, जो 2018 के बाद से शेयरों में गिरावट की सबसे लंबी अवधि है। लगभग हर दिन शेयर वापस खरीदने की कोशिशों के बावजूद भी निवेशक अभी भी अपने शेयर बेचकर पैसा निकाल रहे हैं।