डॉलर के आगे रुपया थोड़ा संभला, 7 पैसे मजबूत होकर 95.89 पर खुला
एक मुश्किल दौर से गुजरने के बाद भारतीय रुपये में बुधवार (16 सितंबर) को आखिरकार थोड़ी मजबूती देखने को मिली।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे मजबूत होकर 95.89 पर खुला। लगातार 7 कारोबारी सत्रों में 1.5 फीसदी की गिरावट के बाद रुपये की यह छोटी, लेकिन राहत देने वाली बढ़त है।
रुपये में यह हल्की मजबूती ऐसे समय में आई है, जब बाजार इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि क्या अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाएगा?
स्थिति संभालने के लिए RBI ने दिया दखल
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भारत के लिए आयात को महंगा बना रही हैं और डॉलर की मांग को भी बढ़ा रही हैं। इस समय ब्रेंट क्रूड 107.71 डॉलर (करीब 10,000 रुपये) प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के 99.61 तक पहुंचने से रुपये जैसी उभरती मुद्राओं को भी ज्यादा दबाव झेलना पड़ रहा है।
इस स्थिति को स्थिर रखने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दखल दे रहा है, वहीं निवेशक फेडरल रिजर्व के उन फैसलों पर नजर रखे हुए हैं, जिनसे दुनियाभर में पैसों के प्रवाह में बड़ा बदलाव आ सकता है।