अमेरिका के 39 राज्यों के बैंक संघों ने बनाया बैंकचेन अलायंस
अमेरिका के 39 राज्यों के बैंकिंग संघों ने हाल ही में ऐलान किया है कि वे एक नया ब्लॉकचेन नेटवर्क बना रहे हैं, जिसका नाम 'बैंकचेन अलायंस' होगा।
यह नेटवर्क 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है। इसका मुख्य लक्ष्य है कि बैंक स्मार्ट पेमेंट, टोकनाइज्ड डिपॉजिट और स्टेबलकॉइन जैसे नए तकनीकी रुझानों के साथ कदम मिला सकें। साथ ही, वे सुरक्षा और नियमों का भी पूरा ध्यान रखेंगे।
अलायंस को तकनीकी साझेदार की तलाश
यह अलायंस बैंकरों और क्रिप्टो सेक्टर के बीच वॉशिंगटन में एक साल तक चली लंबी बहस का नतीजा है। इसका मकसद एक ऐसा सिस्टम बनाना है, जो 'इंडस्ट्री-ओन्ड, इंडस्ट्री-डिजाइन और इंडस्ट्री-गवर्नड' हो।
अभी भी इसे बनाने के लिए एक तकनीकी साझेदार की तलाश जारी है और वे चाहते हैं कि बैंकचेन दूसरे नेटवर्कों के साथ भी आसानी से जुड़कर काम करे।
अलायंस की अंतरिम अध्यक्ष फ्लोरिडा बैंकर्स एसोसिएशन की प्रमुख और कंज्यूमर फाइनेंशियल प्रोटेक्शन ब्यूरो की पूर्व निदेशक कैथी क्रैनिंगर ने कहा, "यह नेटवर्क एक सुरक्षित और रेगुलेटेड नेटवर्क होगा, जो सभी तरह के संस्थानों को आधुनिक सुविधाएं देगा। इससे वे देशभर के ग्रामीण, शहरी और क्षेत्रीय समुदायों में ग्राहकों को सुरक्षित और कुशलता से अपनी सेवाएं दे सकेंगे।"