अमेरिका भारत पर लगा सकता है 12.5 फीसदी अतिरिक्त शुल्क, पाकिस्तान पर मेहरबानी
अमेरिका भारतीय सामानों पर 12.5 फीसदी टैरिफ लगाने की तैयारी में है। अमेरिका का कहना है कि भारत जबरन श्रम से बने उत्पादों को अपनी सप्लाय चेन में आने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है।
भारत उन 54 देशों में से एक है जिन पर अमेरिका यह टैरिफ लगाने की योजना बना रहा है। पाकिस्तान और कनाडा जैसे दूसरे देशों पर यह टैरिफ 10 फीसदी होगा, जो भारत के मुकाबले कम है। इस फैसले की घोषणा बुधवार (3 जून) को की गई थी।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) कार्यालय ने भारत को उन देशों में शामिल किया है, जो अनुचित व्यापार प्रथाओं का पालन करते हैं।
6 जुलाई तक मांगा सुझाव
दुनियाभर में जबरन श्रम से निपटने के लिए अमेरिका ऐसे आयातित सामानों पर शिकंजा कसना चाहता है, जो इससे जुड़े हैं। इस फैसले पर राय देने के लिए अभी समय है। लोग अपने लिखित सुझाव 6 जुलाई तक भेज सकते हैं। इसके अलावा, 7 जुलाई को इस विषय पर सार्वजनिक सुनवाई भी रखी गई है।
यह कदम अमेरिका और भारत के बीच पहले से चले आ रहे व्यापारिक तनावों को और बढ़ा देगा। दरअसल, डिजिटल टैक्स और उत्पादों से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को लेकर दोनों देशों में पहले से ही मतभेद हैं, जिसके कारण एक बड़े व्यापारिक समझौते पर प्रगति धीमी पड़ गई है।