अमेजन कानूनी विवाद सुलझाने के लिए 80 लाख डॉलर चुकाने को राजी
अमेजन ने वाशिंगटन DC के साथ एक कानूनी विवाद को सुलझाने के लिए 80 लाख डॉलर (करीब 76 करोड़ रुपये) से ज्यादा का भुगतान करने पर सहमति जताई है।
इस विवाद में आरोप लगा था कि अमेजन ने शहर के 2 ऐसे जिप कोड को अपनी प्राइम फास्ट-शिपिंग सेवा से बाहर रखा था, जहां आमतौर पर कम आय वाले लोग रहते हैं।
इसकी वजह से शहर के करीब 69,000 स्थानीय अमेजन प्राइम सदस्य प्रभावित हुए क्योंकि उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि उन्हें डिलीवरी में ज्यादा समय लगेगा। इसे उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का उल्लंघन माना गया।
प्रभावित सदस्यों काे मिलेगा पैसा
अमेजन प्रभावित प्राइम सदस्यों को 72.5 लाख डॉलर (करीब 68 करोड़ रुपये) वापस करेगा और इसके साथ ही 10 लाख डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपये) का नागरिक जुर्माना भी भरेगा।
कंपनी ने यह भी वादा किया है कि वह भविष्य में डिलीवरी सेवा में किसी भी बदलाव के बारे में स्थानीय ग्राहकों को साफ-साफ बताएगी। हालांकि अमेजन ने अपनी गलती नहीं मानी है, लेकिन उसके प्रवक्ता ने कहा कि वे लंबी कानूनी लड़ाई से बचना चाहते हैं और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं।
अटॉर्नी जनरल श्वॉल्ब ने कहा, “अमेजन ने हजारों ग्राहकों को धोखा दिया। अब हम 70 लाख डॉलर (करीब 66 करोड़ रुपये) से ज्यादा उन लोगों की जेब में वापस पहुंचा रहे हैं, जिनका फायदा उठाया गया था, जो बड़ी तकनीकी कंपनियों की सेवाओं में निष्पक्षता को लेकर चल रही चिंताओं को सामने लाता है।"