LOADING...
भारत में 13 अरब डॉलर और निवेश करेगी अमेजन, प्रधानमंत्री मोदी से मिले CEO एंडी जेस्सी

भारत में 13 अरब डॉलर और निवेश करेगी अमेजन, प्रधानमंत्री मोदी से मिले CEO एंडी जेस्सी

Jun 25, 2026
06:30 pm

क्या है खबर?

अमेजन ने भारत में अपना निवेश बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी के CEO एंडी जेस्सी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद कंपनी ने भारत में 13 अरब डॉलर (लगभग 1,250 अरब रुपये) के अतिरिक्त निवेश का ऐलान किया है। यह निवेश 2030 तक AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर खर्च होगा। इसके साथ 2026 से 2030 के बीच इस क्षेत्र में अमेजन का प्रस्तावित निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा।

AWS

AWS डाटा सेंटर और AI सेवाओं का होगा विस्तार

कंपनी ने बताया कि इस निवेश से मुंबई और हैदराबाद में अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) डाटा सेंटर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इससे स्टार्टअप, बड़ी कंपनियों और सरकारी संस्थानों को AI सेवाएं, कस्टम AI चिप्स, सुरक्षित क्लाउड, डेवलपर टूल और आधुनिक तकनीक का बेहतर लाभ मिलेगा। अमेजन का कहना है कि इससे कारोबार तेजी से बढ़ाने, नई सेवाएं विकसित करने और दुनिया भर के ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

डिलीवरी नेटवर्क

डिलीवरी नेटवर्क को भी मिलेगा विस्तार

अमेजन ने कहा कि वह अपने ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स नेटवर्क में भी लगातार निवेश करेगी। कंपनी इस साल 20 से ज्यादा नए फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से ज्यादा नए लास्ट माइल डिलीवरी स्टेशन शुरू करने की योजना बना रही है। इससे खासकर टियर-3 और टियर-4 शहरों में ग्राहकों को तेज, भरोसेमंद और बेहतर डिलीवरी सुविधा मिलेगी। कंपनी ने डिलीवरी एसोसिएट्स के लिए 'सम्मान' नाम का एक नया वेलफेयर प्रोग्राम भी शुरू किया है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें पोस्ट

Advertisement

कारोबार

भारत में कारोबार और रोजगार पर रहेगा फोकस

अमेजन ने बताया कि अब तक वह भारत में लाखों छोटे कारोबारों को डिजिटल बनाने, ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट बढ़ाने और रोजगार के अवसर तैयार करने में योगदान दे चुका है। कंपनी ने 1 करोड़ से भी ज्यादा भारतीयों को क्लाउड स्किल्स की ट्रेनिंग भी दी है। अमेजन का कहना है कि भारत में उसके ई-कॉमर्स और AWS कारोबार में लगातार मजबूत मांग देखने को मिल रही है, इसलिए कंपनी अपने विस्तार की रफ्तार बनाए रखेगी।

लक्ष्य

2030 तक कई बड़े लक्ष्य पूरे करने की तैयारी

कंपनी ने कहा कि वह 2030 तक भारत में अपने कारोबार के विस्तार के लिए कुल 48 अरब डॉलर निवेश करने की योजना पर काम कर रही है। अमेजन का लक्ष्य छोटे कारोबारों को डिजिटल बनाना, AI शिक्षा को बढ़ावा देना, रोजगार के नए अवसर तैयार करना और निर्यात बढ़ाना है। कंपनी का कहना है कि वह प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विजन के साथ मिलकर देश की विकास यात्रा में लंबे समय तक भागीदार बनी रहेगी।

Advertisement