अमेजन ने विवाद सुलझाने के लिए निकाला निजी मध्यस्थता का रास्ता
अमेजन ने एक बार फिर अपने नियमों में बदलाव किया है। अब अमेरिका के ग्राहकों को अपने विवाद निजी मध्यस्थता के जरिए ही सुलझाने होंगे, हालांकि स्मॉल क्लेम्स कोर्ट का विकल्प उनके पास अभी भी रहेगा। इसका मतलब है कि अब वे क्लास-एक्शन मुकदमे के साथ कंपनी को सीधे अदालत में नहीं ले जा पाएंगे।
ये नए नियम तुरंत लागू हो रहे हैं और अगर, आप अमेजन का इस्तेमाल करना जारी रखते हैं तो आप अपने आप इन शर्तों पर सहमत माने जाएंगे।
यह फैसला 2021 में कंपनी के उस कदम के बिल्कुल उलट है, जब कंपनी ने मध्यस्थता को छोड़कर लोगों को वाशिंगटन राज्य की अदालतों में मुकदमा करने की छूट दी थी।
तब ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि बहुत सारे व्यक्तिगत मामलों को संभालना कंपनी के लिए काफी महंगा पड़ रहा था।
25 मामलों के लिए सामूहिक मध्यस्थता तय
2021 में अमेजन को लगभग 75,000 मध्यस्थता क्लेम मिले थे, जिनमें से ज्यादातर एलेक्सा द्वारा लोगों की बिना इजाजत रिकॉर्डिंग करने से संबंधित थे।
इस अनुभव के बाद अब कंपनी एक जैसी शिकायतों को एक साथ रखने की तैयारी कर रही है। नए नियम के तहत अगर, 6 महीने के भीतर एक ही मुद्दे पर 25 या उससे ज्यादा लोग शिकायत दर्ज करते हैं तो उन सभी मामलों को सामूहिक मध्यस्थता के रूप में एक साथ जोड़ दिया जाएगा।
अमेजन का कहना है कि इस तरीके से ग्राहकों के लिए विवाद सुलझाने की प्रक्रिया तेज और सस्ती होगी। अगर, आप मध्यस्थता नहीं चाहते हैं तो स्मॉल क्लेम्स कोर्ट में जाने का विकल्प अभी भी मौजूद है।