अमेजन अपनी कार खरीदने वाली सर्विस 'अमेजन ऑटोस' को अगले साल की शुरुआत में यूनाइटेड किंगडम (UK) में शुरू करने जा रहा है।
यह पहली बार है, जब अमेजन अपनी यह सर्विस अमेरिका से बाहर किसी और देश में ला रहा है।
जल्द ही आप Amazon.co.uk पर सीधे कारें देख पाएंगे, उनकी कीमतें पता कर पाएंगे, अपनी पसंद की गाड़ी बुक कर पाएंगे और फाइनेंस के विकल्प भी खोज पाएंगे।
हुंडई कारों से होगी शुरुआत
UK में अमेजन ऑटोस के जरिए उपलब्ध होने वाले पहले ब्रांड्स में से एक हुंडई होगा। यह इस पर आयोनिक-3, आयोनिक-5, कोना और i20 जैसी गाड़ियां पेश करेगी।
वर्टू मोटर्स की पुरानी गाड़ियां भी यहां खरीदने के लिए मिलेंगी। कीमतों का फैसला हालांकि, डीलरशिप ही करेंगी, लेकिन अमेजन का मकसद कार खरीदने के अनुभव को बहुत आसान और पारदर्शी बनाना है।
इसमें कोई उलझाने वाले कदम या छिपी हुई जानकारी नहीं होगी। उम्मीद है कि आगे चलकर और भी कई ब्रांड्स और डीलर इससे जुड़ेंगे।