अमेजन AGI के प्रमुख रोहित प्रसाद देंगे इस्तीफा, AI लीडरशिप में होगा बड़ा बदलाव
क्या है खबर?
अमेजन अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी से जुड़े ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव कर रही है। इसी सिलसिले में अब आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) यूनिट के प्रमुख और सीनियर AI एग्जीक्यूटिव रोहित प्रसाद कंपनी छोड़ रहे हैं। वह इस साल के अंत तक अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेजन अपनी AI रणनीति को नए सिरे से मजबूत कर रही है।
बदलाव
AGI, चिप्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी एक साथ
अमेजन के CEO एंडी जेस्सी ने बताया कि AGI ग्रुप को एक नए बड़े डिवीजन में शामिल किया जा रहा है, जिसमें सिलिकॉन डेवलपमेंट और क्वांटम कंप्यूटिंग भी होंगी। इस नए डिवीजन की कमान पीटर डीसेंटिस संभालेंगे, जो पिछले 27 साल से अमेजन से जुड़े हैं और AWS में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं। जेस्सी के मुताबिक, यह फैसला AI सेक्टर में बढ़ते मुकाबले के बीच बेहतर एग्जीक्यूशन और एकजुट रणनीति के लिए लिया गया है।
रणनीति
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अमेजन की रणनीति
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब अमेजन पर OpenAI, गूगल और एंथ्रोपिक से पीछे रहने की चर्चा हो रही है। कंपनी ने हाल ही में 'नोवा' फाउंडेशन मॉडल्स लॉन्च किए हैं और ट्रेनियम AI चिप्स में निवेश बढ़ाया है। जेसी ने रोहित प्रसाद के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लीडरशिप ने मजबूत नींव रखी। नए स्ट्रक्चर के जरिए अमेजन अपनी AI रिसर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की योजनाओं को और मजबूत करना चाहती है।