Page Loader
अमन गुप्ता की कंपनी बोट 2025 में IPO लाने की कर रही तैयारी
बोट 2025 में IPO लाने की कर रही तैयारी

अमन गुप्ता की कंपनी बोट 2025 में IPO लाने की कर रही तैयारी

Nov 15, 2024
02:43 pm

क्या है खबर?

वियरेबल और ऑडियो उत्पाद बनाने वाली भारतीय ब्रांड बोट 2025 में सार्वजनिक रूप से लिस्ट होने की तैयारी कर रहा है। इसे 2015 में अमन गुप्ता और समीर मेहता ने शुरू किया था। कंपनी का लक्ष्य 30-50 करोड़ डॉलर (लगभग 2,500-4,200 करोड़ रुपये) का IPO लाना है और इसका मूल्यांकन 1.5 अरब डॉलर (लगभग 126 अरब रुपये) से अधिक हो सकता है। इस काम के लिए बोट ने ICICI सिक्योरिटीज, गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा जैसी संस्थाओं को चुना है।

योजना

2022 में भी कंपनी ने बनाई थी योजना

बोट ने 2022 में भी IPO लाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाजार की स्थिति ठीक न होने के कारण इसे रोक दिया। इसके बजाय, कंपनी ने वारबर्ग पिंकस और मालाबार इन्वेस्टमेंट्स से 6 करोड़ डॉलर (लगभग 506 करोड़ रुपये) जुटाए, जिससे इसका मूल्यांकन 1.2 अरब डॉलर (लगभग 101 अरब रुपये) हुआ। अब, कंपनी अगले साल फिर से IPO लाने की योजना बना रही है। वित्त वर्ष 24 में बोट का राजस्व 5 प्रतिशत घटकर 3,285 करोड़ रुपये हो गया।

योजना

कंपनी ने खर्चों नियंत्रित करने की बनाई योजना

दिवाली सीजन में अच्छी बिक्री से बोट को कई तिमाहियों बाद फायदा हुआ, जिससे कंपनी का प्रदर्शन सुधरा और वित्त वर्ष 24 में सकारात्मक EBITDA दर्ज हुआ। हालांकि, वियरेबल्स सेगमेंट में शिपमेंट में 10 प्रतिशत गिरावट रही, जिससे बिक्री पर असर पड़ा। प्रमुख ब्रांडों के साथ मूल्य युद्ध के कारण लाभ कम हुआ, पर कंपनी ने खर्चों को नियंत्रित कर वित्त वर्ष 25 में लाभ बढ़ाने की योजना बनाई है। बोट IPO की तैयारी इसकी मजबूत बाजार स्थिति दिखाती है।