AI में बढ़ती दिलचस्पी, अल्फाबेट ने 24 घंटे में 2,900 अरब रुपये के बॉन्ड बेचे
क्या है खबर?
गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) योजनाओं को मजबूत करने के लिए बहुत बड़ी रकम का कर्ज जुटाया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने 24 घंटे से कम समय में करीब 32 अरब डॉलर (लगभग 2,900 अरब रुपये) के बॉन्ड बेच दिए। यह बिक्री ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड के बाजार में रिकॉर्ड स्तर पर हुई। इतनी बड़ी रकम जुटाना दिखाता है कि एआई प्रोजेक्ट्स के लिए टेक कंपनियों को भारी निवेश की जरूरत पड़ रही है।
चर्चा
100 साल का बॉन्ड बना खास चर्चा का विषय
इस कर्ज बिक्री की सबसे खास बात 100 साल की अवधि वाला बॉन्ड रहा। टेक सेक्टर में इतने लंबे समय का बॉन्ड बहुत कम देखा जाता है। इस बॉन्ड के लिए निवेशकों ने जबरदस्त रुचि दिखाई और मांग बिक्री से कई गुना ज्यादा रही। अलग-अलग अवधि के बॉन्ड जारी किए गए, जिससे छोटे और बड़े दोनों तरह के निवेशकों को निवेश का मौका मिला है। इससे बाजार में कंपनी पर भरोसा भी साफ दिखा है।
खर्च
AI योजनाओं के लिए बढ़ रहा खर्च
अल्फाबेट ने हाल ही में बताया था कि इस साल उसका पूंजी खर्च बहुत तेजी से बढ़ सकता है। कंपनी AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डाटा सेंटर और नई तकनीक पर बड़ा निवेश करना चाहती है। दूसरी टेक कंपनियां भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही हैं और भारी कर्ज उठा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि क्लाउड और AI क्षेत्र में मुकाबला तेज हो गया है, इसलिए कंपनियां भविष्य की तैयारी में बड़ा खर्च कर रही हैं।
उत्साह
निवेशकों में उत्साह
बॉन्ड बिक्री को लेकर निवेशकों में काफी उत्साह दिखा, लेकिन कुछ विशेषज्ञों ने लंबी अवधि के कर्ज पर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि टेक सेक्टर तेजी से बदलता है, इसलिए 100 साल का बॉन्ड जोखिम भरा हो सकता है। फिर भी पेंशन फंड और बीमा कंपनियों ने लंबी अवधि के बॉन्ड में दिलचस्पी दिखाई। कुल मिलाकर यह डील दिखाती है कि AI की दौड़ में टेक कंपनियां बड़े दांव लगाने को तैयार हैं।