IIT मद्रास के पूर्व छात्र ने AI स्टार्टअप के लिए जुटाए 90 लाख डॉलर
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास से पढ़े आकाश रामदास ने अपनी नई कंपनी डिस्कवर्ड मटीरियल्स के लिए 90 लाख डॉलर (करीब 85 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।
इस कंपनी को उन्होंने अद्वैत श्रीधर के साथ मिलकर शुरू किया है। यह स्टार्टअप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बेहतर सेमीकंडक्टर सामग्री की खोज को तेज करता है, जिससे भविष्य के गैजेट्स गर्मी को अच्छी तरह संभाल पाएंगे और उनकी परफॉर्मेंस भी बेहतर होगी।
शोध कॉपर के विकल्पों पर केंद्रित
रामदास के पास IIT मद्रास और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की डिग्री हैं। साथ ही प्रॉक्टर एंड गैंबल में काम करने का अनुभव भी है। उनके शोध में ऐसे सामग्री की तलाश की गई, जो कॉपर जैसे पुराने विकल्पों से बेहतर हों।
कंपनी का कहना है कि वे AI का इस्तेमाल करके लैब से फैब्रिकेशन तक के सफर को तेज कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि नई तकनीक को लैब से असली उत्पादों तक पहुंचाना बहुत आसान और तेज बनाया जाए।