अकासा एयर ने उड़ान क्षमता में किया इजाफा, दूसरी एयरलाइन कर रहीं कटौती
ज्यादातर भारतीय एयरलाइंस ईरान के तनाव और बढ़ते खर्चों की वजह से अपनी उड़ानें कम कर रही हैं, वहीं अकासा एयर ने इसके उलट अपनी क्षमता बढ़ा दी है।
मार्च और अप्रैल में एयरलाइन ने अपनी क्षमता में 13.2 फीसदी की बढ़ोतरी की है, जो 2025 के इन्हीं 2 महीनों की तुलना में काफी ज्यादा है।
यह एक बड़ा कदम है, खासकर तब, जब देश की 4 सबसे बड़ी एयरलाइंस ने इसी दौरान अपनी उड़ानें करीब 6 फीसदी कम कर दी हैं।
226 विमानों का दिया ऑर्डर
इन 2 महीनों में अकासा एयर ने 10,000 से ज्यादा उड़ानें भरीं, जो कुल भारतीय एयरलाइंस की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का करीब 4.7 फीसदी है। किसी नई एयरलाइन के लिए यह काफी बड़ी उपलब्धि है।
मार्च में, अकासा ने घरेलू यात्रियों में से 5.4 फीसदी को अपनी एयरलाइन से सफर कराया है और यह सब उसके 38 बोइंग 737 मैक्स जेट्स के बेड़े के साथ संभव हुआ है।
एयरलाइन ने उड़ाने बढ़ाने के लिए पहले ही 226 और प्लेन का ऑर्डर दे दिया है। यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब दूसरी बड़ी एयरलाइंस महंगे ईंधन और ईरानी हवाई क्षेत्र से बचने के लिए लंबी उड़ानें भरने की वजह से अभी भी मुश्किलों का सामना कर रही हैं।