भारत को चिप उद्योग में अग्रणीय बनाने के लिए SEMI प्रमुख ने बताई योजना
भारत वैश्विक चिप उद्योग में एक दबदबा बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इसमें सबकी मिलकर काम करने की जरूरत है।
सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट एंड मैटेरियल्स इंटरनेशनल (SEMI) के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अजित मनोचा का कहना है कि भारत में अंतरराष्ट्रीय चिप निर्माताओं को आकर्षित करने के लिए मजबूत सरकारी साझेदारियां बहुत जरूरी हैं।
खासकर अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के साथ ऐसी साझेदारियां होनी चाहिए। इसका मकसद यह है कि नियम और टैक्स इतने आसान हों कि विदेशी कंपनियां यहां अपनी फैक्ट्रियां लगाने के लिए खुद आगे आएं।
सामग्री, उपकरण और लचीलेपन पर दिया जोर
मनोचा ने साफ किया कि केवल ज्यादा फैक्ट्रियां बनाने से बात नहीं बनेगी। भारत को चिप बनाने के लिए बेहतर सामग्री और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम की भी जरूरत है।
उन्होंने बताया कि भारत में केमिकल उद्योग तो अच्छा है, लेकिन सेमीकंडक्टर से जुड़ी खास सामग्रियों पर अभी और काम करना बाकी है।
सेमीकॉन 2.0 का अगला चरण उपकरण, रिसर्च और ऐसा इकोसिस्टम बनाने पर ध्यान देगा, जो भविष्य में आने वाली किसी भी चुनौती का सामना कर सके।
मनोचा के मुताबिक, अगर भारत को वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनानी है तो केवल आंकड़ों से ज्यादा लचीलापन मायने रखता है।