एयर इंडिया के विमानों में अब फ्री में ले जा सकेंगे खेल का सामान
एयर इंडिया अब इकोनॉमी फ्लेक्स, प्रीमियम इकोनॉमी फ्लेक्स और सभी बिजनेस क्लास टिकटों पर खेल का सामान ले जाने का हैंडलिंग चार्ज नहीं लेगी। यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों के लिए है।
इसका मतलब है कि अगर, आप क्रिकेट बैट, गोल्फ किट या भाला जैसा कोई भी खेल का सामान साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं तो आपको इसके लिए अलग से शुल्क नहीं देना होगा, जिससे आपके पैसे बचेंगे।
हालांकि, यह याद रखना जरूरी है कि अगर, आपके सामान का वजन तय सीमा से ज्यादा हो जाता है तो उस पर सामान्य अतिरिक्त सामान शुल्क (बैगेज चार्ज) पहले की तरह ही लागू होगा।
पहले देना पड़ता था 2,000 से 7,000 रुपये तक शुल्क
इस फैसले का खिलाड़ियों ने दिल खोलकर स्वागत किया है क्योंकि पहले उन्हें खेल के सामान के लिए 2,000 रुपये से लेकर 7,000 रुपये तक का चार्ज देना पड़ता था, जो काफी ज्यादा होता था।
ओलंपियन और जाने-माने गोल्फर उदयन माने ने इस कदम को सही दिशा में उठाया गया फैसला बताया है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एयर इंडिया इस छूट को सिर्फ कुछ चुनिंदा उड़ानों तक ही सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे पूरे देश की सभी उड़ानों में लागू करेगी।