एयर इंडिया ने दिल्ली-टोरंटो के बीच शुरू की रोजाना की उड़ान
एयर इंडिया 1 अगस्त से दिल्ली और टोरंटो के बीच रोजाना उड़ानें फिर से शुरू कर दी है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के चलते इन उड़ानों में कुछ कमी की गई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।
इन उड़ानों में अब ज्यादातर बोइंग 787-9 विमान का इस्तेमाल होगा। इससे यात्रियों को पहले से ज्यादा आरामदायक केबिन और बेहतर ऑनबोर्ड सेवा मिलेगी। यह यात्रियों के सफर को और भी शानदार बनाएगा।
टोरंटो-मुंबई की सीधी उड़ान होगी शुरू
2026-27 की सर्दियों से एयर इंडिया टोरंटो से मुंबई के लिए एक नई नॉनस्टॉप (सीधी) उड़ान भी शुरू करेगी। इसके साथ कनाडा और भारत के बीच हर महीने 4,400 सीटें बढ़ जाएंगी।
अब सप्ताह में कुल 20 उड़ानें होंगी। 10 टोरंटो और नई दिल्ली के बीच, 3 टोरंटो और मुंबई को जोड़ने वाली, साथ ही 7 वैंकूवर से नई दिल्ली के लिए होंगी।
एयरलाइन के मुताबिक, यह विस्तार कनाडा में बसे भारतीय समुदाय को यात्रा के ज्यादा विकल्प देने के लिए किया जा रहा है।
खासकर त्योहारों के दौरान, जब यात्रा की मांग तेज होती है तो इन उड़ानों से लोगों को काफी सुविधा होगी।