2 भारतीय स्टार्टअप्स चिप निर्माण में तेजी लाने के लिए जुटा रहीं फंडिंग
भारत के चिप सेक्टर में इन दिनों काफी हलचल मची हुई है। अग्रणी लैब्स और अनंत सिस्टम्स नाम की 2 कंपनियां नया फंड जुटाने की कोशिश में लगी हुई हैं। इंटेल और AMD के पूर्व अधिकारियों द्वारा शुरू की गई अग्रणी लैब्स, पीक XV पार्टनर्स और 360 वन से 5 करोड़ डॉलर (करीब 450 करोड़ रुपये) का फंड जुटाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
दूसरी तरफ, अनंत सिस्टम्स की बात करें तो इसे उत्तर प्रदेश सरकार से करीब 50 लाख डॉलर (करीब 47 करोड़ रुपये) का फंड चाहिए। इसके अलावा, कंपनी अपनी 5G और 6G टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने के लिए रिसर्च, डेवलपमेंट और इंक्लूजन (RDI) फंड से भी और पूंजी जुटाएगी।
अग्रणी लैब्स के मूल्यांकन में होगा इजाफा
इस नए निवेश की वजह से अग्रणी लैब्स का मूल्यांकन पिछले साल के 3.5 करोड़ डॉलर (करीब 330 करोड़ रुपये) से बढ़कर 16 से 20 करोड़ डॉलर (करीब 1,500-1,900 करोड़ रुपये) के बीच पहुंचने वाला है।
यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर में कितनी तेजी आ रही है। ये दोनों स्टार्टअप भारत सरकार की 'सेमीकॉन 2.0' योजना का फायदा उठा रहे हैं। इस योजना का मुख्य मकसद चिप बनाने का एक पूरा इकोसिस्टम तैयार करना है।
इस योजना ने दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा है, जिसका एक उदाहरण यह है कि इंफिनियन ने बेंगलुरु की C2I सेमीकंडक्टर्स को खरीदा है।