सैम ऑल्टमैन से मुलाकात के बाद फॉक्सकॉन की OpenAI से साझेदारी की योजना
एनवीडियो के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्वर बनाने वाली जानी-मानी कंपनी फॉक्सकॉन, OpenAI के साथ एक नई साझेदारी की संभावना तलाश रही है।
इस खबर की पुष्टि फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू और OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन की एक टेक इवेंट में हुई मुलाकात के बाद हुई।
हालांकि, इस साझेदारी से जुड़ी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फॉक्सकॉन को AI हार्डवेयर बनाने के क्षेत्र में और मजबूत करेगी।
दूसरी तिमाही में AI सर्वर से हुई ज्यादा कमाई
फॉक्सकॉन का AI सर्वर का कारोबार काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। कंपनी को दूसरी तिमाही में जितनी कमाई हुई, उसमें से आधे से ज्यादा हिस्सा इसी सर्वर के कारोबार से आया है।
लियू भविष्य को लेकर काफी आशावादी हैं। उन्होंने सबको भरोसा दिलाया है कि AI सेक्टर में कोई 'बुलबुला' नहीं है, जैसा कि कुछ लोग मानते हैं।
उनका कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसकी असली मांग है, इसलिए कंपनी इस तरह की साझेदारियों पर जोर दे रही है।