यूनिलीवर, नेस्ले और कोका-कोला जैसी कंपनियां भारत में बढ़ा रहीं निवेश
मोंडेलीज, यूनिलीवर, लॉरियल, रेकिट, नेस्ले और कोका-कोला जैसी बड़ी कंपनियां भारत में अपना निवेश बढ़ा रही हैं। इसकी वजह है यहां बढ़ती उपभोक्ता मांग और खुदरा सेक्टर का लगातार विस्तार होना।
इन्हीं कारणों से भारत इन कंपनियों के लिए तरक्की का एक अहम केंद्र बन गया है। इन सभी कंपनियों ने जून तिमाही के शानदार नतीजे भी पेश किए हैं।
बड़ी कंपनियों ने दर्ज की अच्छी बढ़त
इस तिमाही में मोंडेलीज ने एक लाख नए स्टोर जोड़े हैं। लॉरियल का भारत में कारोबार 70 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया, वहीं यूनिलीवर ने कपड़े धोने और हेयरकेयर उत्पादों में रिकॉर्ड बाजार हिस्सेदारी हासिल किया है। अब यह उसका दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है।
नेस्ले इंडिया का मुनाफ़ा 48.26 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और कंपनी को आगे भी दोहरे अंकों में विकास की उम्मीद है।
इसके अलावा, कोका-कोला अब महंगे और सस्ते दोनों तरह के ड्रिंक्स पर ध्यान दे रही है, वहीं रेकिट का कहना है कि उसकी इस कामयाबी का श्रेय बेहतर दुकान प्रबंधन और मजबूत वितरण नेटवर्क को जाता है।