बिटकॉइन 3 महीने का उच्च स्तर छूने के बाद 78,000 डॉलर से नीचे फिसला
बिटकॉइन पिछले सप्ताह 81,455 डॉलर (करीब 77.30 लाख रुपये) के 3 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा था, लेकिन अब यह 78,000 डॉलर (करीब 74 लाख रुपये) से नीचे आ गया है।
भले ही पिछले एक दिन में इसमें 0.71 फीसदी की गिरावट आई हो, फिर भी पूरे सप्ताह के हिसाब से इसमें हल्की बढ़ोतरी दिख रही है। ट्रेडर 77,000 डॉलर (करीब 73 लाख रुपये) के सपोर्ट लेवल पर नजर बनाए हुए हैं। दूसरी तरफ, 80,000 से 81,500 डॉलर (करीब 76-77.40 लाख रुपये) के आस-पास रेसिस्टेंस देख रहे हैं। अगर, इन स्तरों को परखा गया तो बाजार में हलचल तेज हो सकती है।
बिटकॉइन के लिए संस्थागत मांग बरकरार
कीमतों में गिरावट के बावजूद बड़े निवेशक इससे पीछे नहीं हट रहे हैं। संस्थागत निवेशकों की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। हालांकि, हाल फिलहाल में ट्रेडिंग वॉल्यूम काफी कम रहे हैं।
इधर, कुछ बड़े आर्थिक कारक जैसे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना और तेल की बढ़ती कीमतें क्रिप्टोकरेंसी बाजार के लिए मुश्किलें पैदा कर रही हैं।
अगर, महंगाई इसी तरह बढ़ती रही और बाजार में लिक्विडिटी कम हुई तो बिटकॉइन को आगे और चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।