LOADING...
ओला, उबर और भारत टैक्सी के बाद अब आने वाला है यह नया राइड हेलिंग ऐप
अब भारत में आने वाला है नया राइड हेलिंग ऐप

ओला, उबर और भारत टैक्सी के बाद अब आने वाला है यह नया राइड हेलिंग ऐप

Feb 24, 2026
06:42 pm

क्या है खबर?

भारत का राइड बुकिंग बाजार काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ओला, उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों को टक्कर देने के लिए सरकार ने हाल ही में भारत टैक्सी नामक एक नया ऐप लॉन्च किया है। इस बीच अब बाजार में एक और राइड हेलिंग ऐप जल्द लॉन्च किया जा सकता है। वर्ल्ड इकोनॉमिक मोबिलिटी लिमिटेड (WEML) ने 'नेमभारत' नाम से नई सेवा शुरू करने की घोषणा की है, लेकिन इसकी लॉन्च तारीख अभी तय नहीं बताई गई है।

खासियत

क्या होगी नेमभारत की खासियत?

नेमभारत को प्रीपेड और कैशलेस राइड बुकिंग प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि इस ऐप पर सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी और किराया पहले से तय रहेगा। यह सेवा ड्राइवरों से किसी तरह का कमीशन या सब्सक्रिप्शन शुल्क नहीं लेने का वादा करती है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल मौजूदा राइड बुकिंग सेक्टर से जुड़ी कई पुरानी शिकायतों को दूर करने की कोशिश करेगा।

फायदा

ड्राइवर और यात्रियों को क्या होगा फायदा?

कंपनी के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले ड्राइवर अपनी हर राइड की पूरी कमाई अपने पास रख सकेंगे और किसी तरह का कमीशन नहीं देना होगा। इससे उनकी आय में स्थिरता आने और कमाई बढ़ने की उम्मीद है। वहीं यात्रियों को बिना सर्ज प्राइसिंग के पहले से तय और पारदर्शी किराए पर सफर करने का लाभ मिलेगा। नेमभारत कैब और ऑटो-रिक्शा जैसे अलग-अलग साधनों को एक साथ जोड़ने की योजना बना रहा है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिले।

Advertisement

मॉडल

भारत टैक्सी से अलग मॉडल

नेमभारत की घोषणा भारत टैक्सी के लॉन्च के बाद आई है, लेकिन दोनों का मॉडल और संचालन ढांचा एक-दूसरे से अलग है। भारत टैक्सी एक सहकारी मॉडल पर आधारित है, जबकि नेमभारत एक निजी कंपनी द्वारा संचालित और प्रबंधित सेवा होगी। कंपनी का कहना है कि उसका सिस्टम उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों और सरकारी नियमों के अनुरूप तैयार किया गया है। फिलहाल किन शहरों में सेवा शुरू होगी और कब से बुकिंग चालू होगी, इसकी जानकारी नहीं है।

Advertisement