SEBI को क्लोजिंग प्राइस तय करने नियमों में बदलाव के लिए मिले 3,500 से ज्यादा सुझाव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) शेयर बाजार में क्लोजिंग प्राइस तय करने के तरीके में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है। 3 अक्टूबर तक लोगों से 3,500 से ज्यादा सुझाव मिले हैं।
इसके बाद SEBI के अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे ने बताया कि वे सभी सुझावों पर ध्यान देंगे और नए नियमों को जल्द से जल्द लागू करेंगे। उनका मुख्य मकसद यह है कि क्लोजिंग ऑक्शन और डेरिवेटिव्स सेटलमेंट सभी के लिए ज्यादा अच्छे से काम करें।
बाजार तक लोगों की पहुंच बढ़ाने की योजना
SEBI भारत के वित्तीय बाजार को और ज्यादा सुलभ और बेहतर बनाने पर भी ध्यान दे रहा है। इसके लिए, वह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि विदेशी निवेशक भारत के बाजार में आसानी से आ सकें।
इसके अलावा, बेहतर टेक्नोलॉजी और नए नियमों के जरिए कॉर्पोरेट बॉन्ड ट्रेडिंग को भी सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। इसका मकसद ट्रेडिंग को और आसान बनाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें और सभी के लिए एक मजबूत बाजार बन सके।