एड्वित ज्वेलर्स ने IPO से पहले ही जुटाए 49 करोड़ रुपये से ज्यादा
एड्वित ज्वेलर्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से पहले ही बड़े एंकर निवेशकों से 49.52 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। कंपनी ने इन निवेशकों को 138 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 35 लाख से भी ज्यादा शेयर बेचे हैं।
इस निवेश में होलोनी वेंचर कैपिटल फंड-1, मिंट फोकस्ड ग्रोथ फंड PCC-सेल 1, वीनस इन्वेस्टमेंट VCC वीनस स्टेलर फंड और टोरस म्यूचुअल फंड जैसे कई जाने-माने फंड शामिल हैं।
23-25 जून के बीच खुला रहेगा IPO
एड्वित ज्वेलर्स का 165.16 करोड़ रुपये का IPO 23 से 25 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी इसमें नए शेयर जारी करेगी, जिनके लिए प्रति शेयर 130 से 138 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।
ये पूरी तरह से नए शेयर होंगे, यानि कंपनी के मौजूदा शेयरधारक इसमें अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहे हैं। इससे मिलने वाली ज्यादातर रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने पुराने कर्ज चुकाने और कामकाज की पूंजी बढ़ाने में करेगी।
बची हुई रकम का उपयोग कंपनी अपनी बाकी सामान्य व्यावसायिक जरूरतों के लिए करेगी। जयपुर की एड्वित ज्वेलर्स अपने हाथ से बनी 'रांभजो' ज्वेलरी ब्रांड के लिए मशहूर है।
यह ब्रांड खासतौर पर कस्टम कुंदन, पोल्की, डायमंड और स्टडेड डिजाइन बनाने में माहिर है। IPO के बाद कंपनी के शेयर BSE और NSE दोनों एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।