एडविट ज्वेल्स के शेयर 212 गुना ओवरसब्सक्रिप्शन के बाद आज होंगे आवंटित
एडविट ज्वेल्स के शेयरों का आवंटन साेमवार (29 जून) को होने की संभावना है। निवेशकों ने इस आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को जिस तरह से हाथों-हाथ लिया है, उसके चलते यह IPO 212.63 गुना तक ओवरसब्सक्राइब हो गया है।
यह निर्गम 23 से 25 जून तक खुला था। कंपनी ने लगभग 83.8 लाख शेयर जारी किए थे, लेकिन निवेशकों ने इनके लिए करीब 1.78 अरब शेयरों की बोली लगाई।
गैर-संस्थागत निवेशक 536 गुना ओवरसब्सक्राइब हुए
शेयरों की कीमत 130 से 138 रुपये के बीच तय की गई थी और सभी वर्गों में इसकी खूब मांग रही। खास तौर पर गैर-संस्थागत निवेशकों ने तो इसे 536 गुना तक सब्सक्राइब कर लिया। अगर, आपने भी इस IPO के लिए आवेदन किया था तो अपने मोबाइल पर आने वाले SMS अलर्ट पर नजर रखें।
आप बिगशेयर सर्विसेज, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की वेबसाइट पर जाकर अपने पैन या एप्लीकेशन नंबर के जरिए अपना स्टेटस देख सकते हैं।