एशियाई विकास बैंक ने भारत का आर्थिक विकास दर अनुमान बढ़ाकर किया 7 फीसदी
एशियाई विकास बैंक (ADB) ने वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की आर्थिक विकास अनुमान 6.6 से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया है।
बैंक ने इस वृद्धि के पीछे मजबूत निवेश और फाइनेंस, रियल एस्टेट जैसी तेजी से बढ़ती सेवाओं को मुख्य वजह बताया है।
देश ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 7.8 फीसदी की बढ़त दर्ज की थी, वहीं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी अच्छी वृद्धि देखने को मिली है।
अगले साल महंगाई घटने का अनुमान
ADB का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में महंगाई दर घटकर 5 फीसदी पर आ जाएगी। बैंक का कहना है कि सरकार ने टैक्स कटौती और दूसरे उपायों के जरिए वैश्विक ऊर्जा कीमतों के झटके को संभाला, जिससे इसका असर आम उपभोक्ताओं पर उतना नहीं पड़ा।
दूसरी तरफ, वित्त वर्ष 2028 के लिए ग्रोथ का अनुमान पहले के 7.3 से घटाकर 7.1 फीसदी कर दिया गया है। बढ़ते वैश्विक तनाव और अल नीनो जैसे मौसमी बदलावों से मानसून प्रभावित हो सकता है, जिसका सीधा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा और अर्थव्यवस्था की रफ्तार थोड़ी धीमी हो सकती है।
इन जोखिमों के बावजूद ADB को अगले साल कीमतों में स्थिरता और कृषि क्षेत्र में सुधार की पूरी उम्मीद है।