LOADING...
अडाणी समूह डाटा सेंटर्स में करेगा 9,000 अरब रुपये का निवेश, घोषणा से शेयरों में उछाल
अडाणी समूह एक दशक में डाटा सेंटर्स पर 9,000 अरब रुपये खर्च करेगा

अडाणी समूह डाटा सेंटर्स में करेगा 9,000 अरब रुपये का निवेश, घोषणा से शेयरों में उछाल

Feb 17, 2026
02:58 pm

क्या है खबर?

अडाणी एंटरप्राइजेज ने 2035 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर्स बनाने के लिए 100 अरब डॉलर (करीब 9,000 अरब रुपये) के निवेश की घोषणा की है। इस निवेश से अगले दशक में क्लाउड प्लेटफॉर्म और सर्वर निर्माण सहित कई संबंधित उद्योगों में 150 अरब डॉलर (करीब 13,500 अरब रुपये) का अतिरिक्त खर्च होने की उम्मीद है। इस घोषणा से कंपनी के शेयर दोपहर करीब 12:45 बजे 2.6 फीसदी बढ़कर 2,242 रुपये पर पहुंच गए।

उद्देश्य 

क्या है इस निवेश के पीछे उद्देश्य?

कंपनी ने कहा कि अडाणी के इस निवेश से भारत में एक दशक में 250 अरब डॉलर (करीब 22,500 अरब रुपये) का AI इंफ्रास्ट्रक्चर पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा। आगे कहा है, "इस पहल के तहत एक ऊर्जा और कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य भारत को AI में आगे लाना है।" समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी ने कहा, "दुनिया एक ऐसी AI क्रांति में प्रवेश कर रही है, जो पिछली किसी भी औद्योगिक क्रांति से कहीं अधिक गहन है।

साझेदारी 

गूगल से भी मिलेगा निवेश 

पिछले साल अक्टूबर में गूगल ने घोषणा की कि वह आंध्र प्रदेश में एक AI डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए 5 वर्षों में 15 अरब डॉलर (करीब 1,350 अरब रुपये) का निवेश करेगी, जो भारत में उसका अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। इस परियोजना से अडाणी कॉनेक्स को 5 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) तक का निवेश मिल सकता है। यह अडाणी एंटरप्राइजेज और निजी डाटा सेंटर ऑपरेटर एजकॉनेक्स का संयुक्त उद्यम है।

Advertisement