81 फीसदी कर्मचारी चाहते हैं वेतन वृद्धि, केवल 29 फीसदी ही संतुष्ट- सर्वे
चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन (ACCA) द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, भारतीय कर्मचारियों में से बहुत कम अपने वर्तमान वेतन से संतुष्ट हैं। बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबावों के कारण अधिकांश अगले वर्ष वेतन वृद्धि की मांग करने की योजना बना रहे हैं।
सर्वे के अनुसार, वेतन वृद्धि चाहने वालों की तादाद 81 फीसदी है। यह आंकडा पिछले साल से काफी ज्यादा है और वैश्विक औसत से भी बहुत ऊपर है। दरअसल, बढती महंगाई और तकनीक की वजह से नौकरी खोने का डर ही इन मांगों के पीछे की मुख्य वजह है।
बहुत कम कर्मचारी अपने वेतन से संतुष्ट
महज 29 फीसदी भारतीय कर्मचारी ही अपने मौजूदा वेतन से संतुष्ट हैं, यह आंकडा वैश्विक औसत से भी कम है। ऐसे में कोई हैरानी नहीं कि मिलेनियल्स (1981 और 1996 के बीच जन्मे) इस मांग में सबसे आगे हैं। इनमें से 90 फीसदी कर्मचारी ज्यादा वेतन की मांग करने की तैयारी में हैं।
उनके बाद जेन G और जेन X के कर्मचारी भी इसी राह पर हैं। ज्यादातर लोग अपनी मांगों को खुलकर सामने रख रहे हैं। करीब 7 में से 10 लोग 10 फीसदी से ज्यादा वेतन बढोतरी की उम्मीद कर रहे हैं।
जेन X के कर्मचारी तो दोहरे अंकों की बढोतरी चाहते हैं, क्योंकि महंगाई और घर के खर्च लगातार बढते जा रहे हैं।