LOADING...
अकासा एयर के सह-संस्थापक और CCO प्रवीण अय्यर ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी
अकासा एयर के सह-संस्थापक प्रवीण अय्यर ने दिया इस्तीफा

अकासा एयर के सह-संस्थापक और CCO प्रवीण अय्यर ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी

Feb 11, 2026
02:38 pm

क्या है खबर?

मुंबई स्थित देश की जानी-मानी एयरलाइन कंपनी अकासा एयर के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) और सह-संस्थापक प्रवीण अय्यर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह अगस्त, 2022 में कंपनी की शुरुआत के समय फाउंडिंग टीम का हिस्सा थे। अय्यर एयरलाइन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य भी रहे हैं। तीन साल पुरानी इस एयरलाइन में यह दूसरे वरिष्ठ अधिकारी का इस्तीफा है, जिससे कंपनी के प्रबंधन में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।

जिम्मेदारी

अब कौन संभालेगा जिम्मेदारी?

अय्यर के जाने के बाद कंपनी ने नई जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी को सौंप दी है। अकासा एयर ने अपने मुख्य सूचना अधिकारी (CIO) आनंद श्रीनिवासन को नया CCO नियुक्त किया है। अब वह कंपनी की कमर्शियल रणनीति और कारोबार से जुड़े फैसले संभालेंगे। कंपनी ने कहा है कि यह बदलाव संगठन को आगे बढ़ाने के लिए किया गया है और इससे संचालन में किसी भी तरह की बाधा नहीं आएगी।

बदलाव

पहले भी हो चुका है बदलाव

यह पहली बार नहीं है जब अकासा एयर में बड़े स्तर पर बदलाव हुआ है। पिछले साल कंपनी की एक और सह-संस्थापक नीलू खत्री ने भी इस्तीफा दिया था। वह एयरलाइन के अंतरराष्ट्रीय संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अकासा एयर को दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला के परिवार का समर्थन मिला हुआ है। इसके अलावा, कंपनी ने अगस्त, 2025 में अजीम प्रेमजी और रंजन पई के परिवार कार्यालय से नया निवेश भी जुटाया था।

Advertisement

तैयारी

विस्तार की तैयारी में कंपनी

अय्यर का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कंपनी अपने विस्तार की योजना पर फिर से काम कर रही है। बोइंग से विमान की डिलीवरी में देरी के कारण कंपनी की बढ़त धीमी पड़ी थी। इस साल अब तक अकासा एयर ने तीन नए विमान शामिल किए हैं और करीब 12 और विमान जोड़ने की योजना है। फिलहाल कंपनी के पास भारत के घरेलू विमानन बाजार में लगभग पांच प्रतिशत हिस्सेदारी है।

Advertisement