होटल्स में शादियों के लिए जबरदस्त मांग, 2027 के लिए अभी से हो रही बुकिंग
सर्दियों के मौसम से पहले होटल्स में शादियों के लिए जबरदस्त मांग देखी जा रही है। लोग काफी पहले से ही बुकिंग करवा रहे हैं। लोकप्रिय होटल्स में शादी के कारोबार में दोहरे अंकों में बढ़ोतरी हो रही है और खास महीनों में लगभग सभी बुकिंग फुल हो चुकी हैं। मैरियट इंटरनेशनल के 'ऑटोग्राफ कलेक्शन होटल' के तौर पर पहचाने जाने वाले दिल्ली NCR करनाल के नूर महल के वेडिंग बिजनेस में पिछले साल के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
इसके कार्यकारी निदेशक रूप प्रताप चौधरी ने बताया कि 2027 के लिए काफी बिजनेस पहले ही कन्फर्म हो चुका है और अगले साल नवंबर तक के लिए भी पूछताछ आ रही हैं।
सर्दियों की बुकिंग लगभग पूरी
नूर महल की बात करें तो आजकल होटल के करीब 60 प्रतिशत बिजनेस का जरिया शादियां ही हैं। दिल्ली के रोजेट होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में भी सर्दियों के महीनों के लिए लगभग पूरी बुकिंग हो चुकी है। यह जानकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कुश कपूर ने दी है। आजकल लोग लंबी और ज्यादा व्यक्तिगत शादियां पसंद कर रहे हैं, जिनमें कमरों और बैंक्वेट से लेकर खास कस्टम सर्विस तक सब कुछ चाहिए होता है। खासकर भारत में सर्दियों का शादी का सीजन बहुत व्यस्त रहता है, तब ऐसी मांग बढ़ जाती है।