बिना काम किए 4.7 करोड़ रुपये वेतन पाने वाले टेक कर्मचारी का चौंकाने वाला बयान
एक टेक कर्मचारी ने रेडिट पर बताया कि एक बड़ी कंपनी में करीब 2 साल तक बिना कोई काम किए भी उसे लगभग 5 लाख डॉलर (लगभग 4.7 करोड़ रुपये) का भुगतान किया गया।
2025 में उसे प्रमोशन मिला और कंपनी में कुछ बदलाव हुए, जिसके बाद उसके पास न तो कोई खास काम था और न ही उन्हें प्रबंधन की ओर से कोई उचित दिशा-निर्देश मिले। इसके बावजूद वह हर साल 2.75 लाख डॉलर (लगभग 2.6 करोड़ रुपये) कमाता रहा।
उसने अपनी पोस्ट में लिखा, "मुझे ऐसा लगता है कि मैंने अपनी कंपनी से 5 लाख डॉलर से ज्यादा चुरा लिए हैं।"
दोबारा लय पकड़ने में हुई मुश्किल
नौकरी के लिए न्यूयॉर्क सिटी जाने के बाद उसे बहुत खाली समय मिला। उसने इस समय का इस्तेमाल शहर घूमने और कॉरपोरेट जीवन की उन अजीबो-गरीब बातों पर सोचने में किया, जो उसे बेतुकी लगती थीं।
जब उसने नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने की कोशिश भी की तो उसे बहुत कम मदद मिली। आखिरकार उसे एक नई भूमिका मिली, लेकिन करीब 2 साल तक कोई काम न करने के बाद उसे फिर से लय पकड़ने में बहुत मुश्किल हुई। इतने लंबे ब्रेक के बाद वह खुद को काफी पीछे और जंग खाया हुआ महसूस करने लगा, जिससे कॉरपोरेट टेक्नोलॉजी नौकरी के बारे में उसकी सोच ही बदल गई।