स्टार्टअप के इंजीनियर को नहीं मिला 4 महीने का वेतन, सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
एक स्टार्टअप में खुद को फाउंडिंग इंजीनियर बताने वाले एक शख्स ने रेडिट पर अपनी कहानी साझा की। इंजीनियर का कहना है कि उसने कंपनी का मुख्य उत्पाद बनाया, जिसमें एक टेलीफोनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट भी शामिल था।
इस AI एजेंट की बदौलत कंपनी को 20 से ज्यादा क्लाइंट्स मिले, लेकिन इसके बावजूद उसकी 90,000 रुपये का वेतन अभी तक बाकी है।
इंजीनियर के मुताबिक, स्टार्टअप अब कमाई भी कर रहा है, फिर भी जब उसने अपना वेतन मांगा तो उसे सिर्फ बहाने और टालमटोल वाले वादे ही मिले।
लोगों ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया
इंजीनियर ने बताया कि उसका सफर कैसा रहा। शुरुआत में उसने 10,000 रुपये मासिक पर एक महीने इंटर्नशिप की। उसके बाद उसने 3 महीने बिना वेतन के काम किया। फिर उसे 35,000 रुपये मासिक की फुल-टाइम नौकरी मिली। हालांकि, उसे अभी भी 4 महीने का वेतन नहीं मिला है।
सोशल मीडिया पर उसकी कहानी पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ ने उसे अपना खुद का काम शुरू करने और सीधे क्लाइंट्स से संपर्क करने की सलाह दी, वहीं कुछ लोगों ने उसे NDA से जुड़ी सावधानियां बरतने को भी कहा।