माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों के वेतन की जानकारी लीक, जानिए कितनी मिल रही
माइक्रोसॉफ्ट के करीब 600 कर्मचारियों के वेतन का खुलासा हाल ही में लीक हुई एक स्प्रेडशीट से हुआ है और यह रकम आपकी सोच से कहीं ज्यादा है।
लेवल 59 वाले कर्मचारियों का शुरुआती वेतन 1.11 लाख डॉलर (करीब एक करोड़ रुपये) है, वहीं ऊंचे पदों पर काम करने वाले लोग 2.8 लाख डॉलर (करीब 2.6 करोड़ रुपये) तक कमा लेते हैं।
इतना ही नहीं, कुछ कर्मचारियों को 3 लाख डॉलर (करीब 2.85 करोड़ रुपये) तक के स्टॉक अवॉर्ड्स और 1.1 लाख डॉलर तक के नकद बोनस भी दिए जाते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड और AI में सबसे ज्यादा वेतन
सबसे ज्यादा वेतन माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विभाग में दिया जा रहा है। इस विभाग में काम करने वाले कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें 4.5 लाख डॉलर (करीब 4.25 करोड़ रुपये) तक की बेस सैलरी मिलती है। इसके अलावा, 3 लाख डॉलर तक के कैश बोनस और 14 लाख डॉलर (करीब 13.3 करोड़ रुपये) तक के स्टॉक अवॉर्ड्स भी इन्हें दिए जाते हैं।
अगर, तुलना करें तो एक्सबॉक्स टीम के सदस्यों की बेस सैलरी 2.18 लाख डॉलर (करीब 2 करोड़ रुपये) तक थी और उनके स्टॉक अवॉर्ड्स भी काफी कम थे।
इस लीक से यह भी साफ हो जाता है कि माइक्रोसॉफ्ट अभी क्लाउड कंप्यूटिंग और AI से जुड़ी भूमिका को कितनी प्राथमिकता दे रही है। खासकर तब, जब कई टेक कंपनियां इन ख़ास क्षेत्रों में बेहतरीन प्रतिभाओं को पाने के लिए आपस में होड़ कर रही हैं।