किन बदलावों के साथ आएगी टोयोटा ग्लैंजा फेसलिफ्ट? टीजर में हुआ खुलासा
क्या है खबर?
टोयोटा अपनी ग्लैंजा फेसलिफ्ट को 14 अक्टूबर को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में जारी किए गए टीजर में अपडेटेड मॉडल के आगे-पीछे के लुक में किए बदलाव की झलक दिखाई गई है। यह मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट के लगभग एक महीने बाद आ रही है, जिस पर ग्लैंजा आधारित है। इसमें भी बलेनो जैसे ही अपडेट मिलने की उम्मीद है, जिसमें अतिरिक्त फीचर्स और पेट्रोल पावरट्रेन में संभावित बदलाव शामिल हो सकते हैं।
एक्सटीरियर
ऐसा होगा नई ग्लैंजा का लुक
आगामी ग्लैंजा फेसलिफ्ट में टोयोटा का लोगो अब बोनट पर थोड़ी ऊपर की तरफ लगाया है, जबकि सामने के निचले बंपर पर U-शेप वाले हिस्से में क्रोम फिनिश दी गई है।
LED फाॅग लैंप भी नए डिजाइन वाले चौकोर हाउसिंग में लगे हुए दिख रहे हैं, जिससे सामने के बंपर के निचले हिस्से को एक नया लुक मिल रहा है।
हालांकि, हेडलैंप यूनिट्स मौजूदा मॉडल जैसी ही हो सकती है, जबकि पिछले हिस्से की जानकारी सामने नहीं आई है।
इंटीरियर
बलेनो से मिलता-जुलता होगा इंटीरियर
अपडेटेड ग्लैंजा के इंटीरियर का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इसमें नई बलेनो जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है।
इनमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
इसमें नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो फेसलिफ्टेड बलेनो में दिए इंजन जैसा ही होगा।
अपडेटेड हैचबैक की कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है, जो 6.73 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।