कारों में क्यों होता है शार्क फिन एंटीना? फायदे जानकर चौंक जाएंगे
क्या है खबर?
कार में कई ऐसे पार्ट्स हैं, जो दिखने में तो छोटे होते हैं, लेकिन उनके फायदे चौंका देंगे। एक ऐसा ही पार्ट होता है शार्क फिन एंटीना, जिसे ज्यादातर लाेग सजावटी फीचर मानते हैं। मौजूदा गाड़ियों में से ज्यादातर में यह पार्ट दिया जाता है, जो इसकी छत के पिछले हिस्से पर लगा होता है। इसका काम सिर्फ लुक को आकर्षक बनाना ही नहीं बल्कि कुछ और होता है। आइये जानते हैं कि शार्क फिन एंटीना क्यों जरूरी होता है।
आकार
आकार में कैसा होता है शार्क फिन एंटीना?
शार्क फिन एंटीना एक प्रकार का एंटीना है, जिसे शार्क के ऊपर लगे पंख के समान दिखने के लिए डिजाइन किया गया है। स्लीक और एयरोडायनामिक डिजाइन इसे तेज गति से गाड़ी के चलने पर हवा के झोंके से टूटने से बचाता है। साथ ही इसमें IP67 की रेटिंग भी मिलती है, जो इसे वॉटरप्रूफ बनाता है। इसकी मदद से गाड़ी में बेहतर सिग्नल मिलता है, जिससे FM रेडियो और कनेक्टिविटी की जरूरत वाले फीचर्स अच्छे से काम करते हैं।
उपयोग
इन कामों में है एटीना का उपयोग
इसका एक मुख्य कार्य FM रेडियो सिग्नल प्राप्त करना है। कई शार्क फिन एंटीना में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) सिग्नल प्राप्त करने के लिए एक विशेष एंटीना एलिमेंट होता है, जो कार के नेविगेशन सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण है। कई कारों में सैटेलाइट रेडियो रिसेप्शन के लिए भी एक एंटीना शामिल होता है। कुछ में मोबाइल कनेक्टिविटी के लिए एंटना भी शामिल हो सकते हैं, जो आपातकालीन सहायता या कनेक्टेड कार सुविधाओं जैसी टेलीमैटिक्स सर्विसेज का सपोर्ट करते हैं।
फायदा
क्या है इसका फायदा?
इसका आकार पतला और सुव्यवस्थित होने के कारण पारंपरिक व्हिप एंटीना की तुलना में हवा के प्रतिरोध को कम करता है। इससे माइलेज में थोड़ा सुधार होता है और तेज गति पर हवा का शोर भी कम होता है। यह गाड़ी के लुक को आधुनिक और आकर्षक बनाता है और अकेला ही कई काम करता है। ठोस और क्लोज यूनिट होने के कारण धुलाई करते समय या किसी चीज से टकराने पर नुकसान होने का खतरा कम होता है।