Page Loader
हस्कवरना विटपिलेन 901 बाइक पर चल रहा काम, भारत में जल्द देगी दस्तक    
हस्कवरना विटपिलेन 901 बाइक पर चल रहा काम (तस्वीर: हस्कवरना)

हस्कवरना विटपिलेन 901 बाइक पर चल रहा काम, भारत में जल्द देगी दस्तक    

लेखन अविनाश
Apr 15, 2023
09:30 pm

क्या है खबर?

स्वीडिश दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हस्कवरना मोटरसाइकिल वैश्विक बाजार में नई बाइक लॉन्च करने वाली है। यह 2023 विटपिलेन 901 स्पोर्ट्स बाइक है और कंपनी इसे भारतीय बाजार में भी उतारेगी। वर्तमान में इसकी टेस्टिंग शुरू हो चुकी है और इसे अमेरिका में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। इसमें KTM द्वारा बनाया गया 899cc का इंजन दिया गया है। अनुमान है कि इसे आने वाले कुछ महीनों में उतारा जा सकता है। आइये इसके बारे में जानते हैं।

लुक

कैसा है विटपिलेन 901 का लुक?

अपकमिंग बाइक हस्कवरना विटपिलेन 901 का लुक पिछले साल लॉन्च हुई कंपनी की विटपिलेन 401 की तरह ही है। यह नेकेड-स्पोर्ट्स सेगमेंट की बाइक है। इसमें एक सर्कुलर LED हेडलैंप, एक मस्कुलर फ्यूल टैंक, एक चौड़ा हैंडलबार, एक मैटेलिक बैश प्लेट, स्प्लिट-टाइप की सीट्स, एक साइड-माउंटेड एग्जॉस्ट सिस्टम, एक पतला टेल सेक्शन और एक स्लीक LED टेललैंप उपलब्ध होगा। कंपनी ने इस बाइक में डिजाइनर मिक्स्ड मेटल के पहिए भी दिए हैं।

इंजन

899cc इंजन के साथ आएगी बाइक

2023 हस्कवरना विटपिलेन 901 में KTM मोटरसाइकिल द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला 899cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन उपलब्ध होगा, जो 121hp की पावर और 99Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम होगा। इस इंजन को एंटी-होपिंग क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो इस बाइक की टॉप स्पीड स्पीड 220 किलोमीटर प्रति घंटे होगी और यह एक लीटर पेट्रोल में 15 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

फीचर्स

इन फीचर्स से लैस होगी बाइक

राइडर की सुरक्षा और 2023 हस्कवरना विटपिलेन 901 को सड़कों पर बेहतर संचालन प्रदान करने के लिए इसमें आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, राइड-बाय-वायर जैसे कई फीचर्स मिलेंगे। इसमें थ्रॉटल कंट्रोल और 3 राइडिंग मोड भी मिलेंगे। सस्पेंशन का ध्यान रखते हुए इसमें सामने की तरफ इनवर्टेड फ्रंट फोर्क्स और पीछे की तरफ एक मोनो-शॉक यूनिट्स दिया जा सकता है।

जानकारी

क्या होगी इस बाइक की कीमत?

लेटेस्ट बाइक 2023 हस्कवरना विटपिलेन 901 की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। अनुमान है कि इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये हो सकती है।

न्यूजबाइट्स प्लस

भारतीय बाजार में पहले से ही मौजूद है हस्कवरना स्वार्टपिलेन 250 

हस्कवरना स्वार्टपिलेन 250 पहले से ही भारतीय बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इस बाइक में स्टील वाला फ्रेम, डिजिटल इंस्ट्रुमेंट कन्सोल, LED लाइट सेटअप और ब्लैक आउट व्हील जैसे फीचर हैं। बाइक में 248cc का सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 29.5 हॉर्स पावर की क्षमता से 24Nm तक का टॉर्क उत्पन्न करता है। साथ ही इसमें सिक्स-स्पीड गियर बॉक्स भी मौजूद है। दोनों पहियों में डुअल चैनल ABS वाला डिस्क ब्रेक दिया गया है।