लंबे समय तक खड़ी रहती है आपकी बाइक? जानिए क्या हो सकती हैं परेशानियां
क्या है खबर?
कई बार आप जब घर से दूर होते हैं तो आपकी मोटरसाइकिल लंबे समय तक खड़ी रह जाती है। जब आपकी नौकरी दूसरे शहर में लग जाती है तो भी इसका उपयोग नहीं होता है। ऐसे में जब आप दोबारा बाइक संभालते हैं तो वह स्टार्ट नहीं होती। इसके अलावा भी कई तरह की समस्या पैदा होने लगती है। आप भी बार-बार ऐसे ही बाइक खड़ी करके चले जाते हैं तो समझ लीजिए इसका क्या असर पड़ता है।
बैटरी
बैटरी हो जाएगी डिस्चार्ज
बैटरी पर असर: नई बाइक्स में ऐसे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होते हैं, जो उपयोग में नहीं लेने पर भी थोड़ी-थोड़ी बिजली का इस्तेमाल करते रहते हैं। अगर, आप 2-4 सप्ताह तक नहीं चलाते तो बैटरी इतनी कमजोर हो सकती है कि स्टार्ट करने में दिक्कत कर सकती है। पेट्रोल पर असर: ज्यादा समय तक पेट्रोल टैंक में पड़ा रहने के कारण धीरे-धीरे चिपचिपा हो जाता है और यह इंजन के पुर्जों को जाम कर सकता है, जिससे बाइक स्टार्ट नहीं होती।
इंजन ऑयल
इंजन के पार्ट्स में आ सकती है खराबी
इंजन ऑयल पर असर: लंबे समय तक बाइक खड़ी रहने पर ऑयल इंजन के निचले हिस्से में जमा हो जाता है। इससे दोबारा स्टार्ट करते समय सूखे पार्ट्स में रगड़ लगने के कारण नुकसान हो सकता है। ब्रेक फेल: ब्रेक फ्लूइड न इस्तेमाल होने से खराब हो सकता है और ब्रेक पेडल भी जाम हो सकता है। टायर प्रेशर: टायरों में हवा कम हो सकती है और फ्लैट स्पॉट्स भी आ सकते हैं। इससे उनकी उम्र कम हो सकती है।
तरीके
नुकसान से बचने के लिए ये तरीके अपनाएं
बाइक को हमेशा बीच वाले स्टैंड पर खड़ा करें। इससे टायर और सस्पेंशन पर बराबर वजन रहता है और टायर खराब नहीं होते। बैटरी के तार निकाल देने से यह जल्दी डिस्चार्ज नहीं होगी। पेट्रोल की टंकी को पूरा भर कर रखें या फिर पूरी तरह निकाल दें। साथ बाइक को कवर करके रखें, जिससे इसे जंग से बचाया जा सके। इसके अलावा सप्ताह में एक बार 5-10 मिनट के लिए स्टार्ट करें, जिससे ऑयल सभी पुर्जों में पहुंच जाएगा।