LOADING...
लोन चुकाने के बाद भी कार बेचने में आएगी अड़चन, जानिए क्या है इसकी वजह
लोन चुकाने के बाद भी एक काम करना बहुत जरूरी होता है

लोन चुकाने के बाद भी कार बेचने में आएगी अड़चन, जानिए क्या है इसकी वजह

Mar 22, 2026
05:16 pm

क्या है खबर?

लोन चुकाने के बाद आपको सुकून मिल जाता है कि अब कार पूरी तरह से आपकी है, लेकिन कागजों पर ऐसा नहीं होता। अगर, आपके रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में अभी भी गिरवी का जिक्र है तो आधिकारिक रिकॉर्ड में कार अभी भी बैंक से जुड़ा हुआ है। यह समस्या अक्सर, तब सामने आती है, जब आप उसको बेचने की कोशिश कर रहे होते हैं। आइये जानते हैं लोन चुकाने के बाद कार बेचने में क्या दिक्कत आती है।

दिक्कत 

क्या आती है इससे दिक्कत?

जब आप कार लोन लेते हैं तो क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) रिकॉर्ड में आपकी कार के साथ बैंक का नाम जुड़ जाता है। इसे हाइपोथिकेशन कहते हैं। इसका सीधा-सा मतलब है कि लोन पूरी तरह चुकाए जाने तक आपकी गाड़ी पर बैंक का अधिकार रहता है। ज्यादातर लोग लोन चुकाने के बाद इस बात को भूल जाते हैं। यह टैग जब तक कार की RC में जुड़ा रहेगा, तब तक RTO स्वामित्व हस्तांतरण की अनुमति नहीं देगा।

तरीका 

ऐसे हटवा सकते हैं हाइपोथिकेशन

हाइपोथिकेशन RC से अपने आप नहीं हटता। इसे आपको हटवाना पड़ता है। इसके लिए बैंक जाना होगा। लोन चुकाने के बाद बैंक आपको अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और फॉर्म 35 देगा। इन्हें प्राप्त करने के बाद आपको हाइपोथिकेशन हटाने के लिए आवेदन करना होगा। कई जगह आप परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन या RTO जा सकते हैं। दस्तावेजों के साथ शुल्क अदा करने के बाद जांच कर RTO आपके RC रिकॉर्ड से हाइपोथिकेश हटा देगा।

Advertisement