लंबे समय तक खड़ी कार बन सकती है परेशानी की वजह, क्या-क्या हो सकते हैं नुकसान?
क्या है खबर?
कई लोग अपनी कार का रोजाना इस्तेमाल नहीं करते और उसे कई दिनों या हफ्तों तक एक ही जगह खड़ा छोड़ देते हैं। हालांकि, ऐसा करना कार की सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता। लंबे समय तक बिना चलाए खड़ी रहने से कार के कई जरूरी हिस्सों पर असर पड़ सकता है। समय रहते ध्यान नहीं देने पर बाद में मरम्मत पर अच्छा-खासा खर्च भी करना पड़ सकता है और कार की परफॉर्मेंस भी प्रभावित हो सकती है।
#1
बैटरी और टायर सबसे पहले होते हैं प्रभावित
अगर कार लंबे समय तक खड़ी रहती है तो उसकी बैटरी धीरे-धीरे डिस्चार्ज होने लगती है, जिससे कार स्टार्ट होने में परेशानी आ सकती है।
वहीं एक ही जगह लंबे समय तक खड़े रहने से टायरों पर दबाव बना रहता है। इससे टायरों का आकार बिगड़ सकता है और उनकी उम्र भी कम हो सकती है।
कई बार हवा का दबाव भी सामान्य से कम हो जाता है और सफर के दौरान सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
#2
ब्रेक, इंजन और ईंधन पर भी पड़ता है असर
लंबे समय तक कार नहीं चलाने से ब्रेक डिस्क पर जंग लग सकती है और ब्रेक जाम होने की आशंका बढ़ जाती है।
इसके अलावा, इंजन ऑयल और दूसरे तरल पदार्थ भी अपनी क्षमता खोने लगते हैं।
अगर टैंक में लंबे समय तक पेट्रोल या डीजल पड़ा रहे तो उसकी गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है, जिससे इंजन की कार्यक्षमता पर असर पड़ सकता है और कार का माइलेज भी पहले की तुलना में घट सकता है।
#3
चूहे, जंग और AC की समस्या भी बढ़ सकती है
काफी समय तक खड़ी रहने वाली कार में चूहे घुसकर वायरिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
नमी वाली जगह पर पार्क करने से कार के कई धातु वाले हिस्सों में जंग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं लंबे समय तक एसी का इस्तेमाल नहीं होने से उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
इसलिए कार को समय-समय पर स्टार्ट करके थोड़ी दूरी तक चलाना बेहतर माना जाता है।