LOADING...
बाइक में स्पार्क प्लग खराब होने के क्या होते हैं संकेत?
बाइक में स्पार्क प्लग खराब होने के संकेत

बाइक में स्पार्क प्लग खराब होने के क्या होते हैं संकेत?

Feb 13, 2026
09:06 am

क्या है खबर?

बाइक के इंजन को सही तरीके से चलाने में स्पार्क प्लग की अहम भूमिका होती है। यही छोटा सा पार्ट ईंधन और हवा के मिश्रण में चिंगारी पैदा करता है, जिससे इंजन स्टार्ट होता है और ठीक तरह से चलता रहता है। अगर स्पार्क प्लग खराब हो जाए तो बाइक की परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है। कई बार लोग शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे आगे चलकर बड़ी समस्या और ज्यादा खर्च का सामना करना पड़ सकता है।

#1

इंजन स्टार्ट होने में दिक्कत और झटके

स्पार्क प्लग खराब होने का आम संकेत है कि बाइक स्टार्ट होने में परेशानी देती है। सेल्फ दबाने पर इंजन तुरंत चालू नहीं होता या कई बार किक मारनी पड़ती है। चलते समय भी इंजन झटके दे सकता है या अचानक बंद हो सकता है। एक्सीलेटर देने पर पावर स्मूथ नहीं मिलती और आवाज भी अलग महसूस होती है। यह संकेत बताते हैं कि चिंगारी सही समय पर नहीं बन रही है।

#2

माइलेज कम होना और पावर की कमी

अगर आपकी बाइक पहले की तुलना में ज्यादा पेट्रोल खा रही है, तो यह भी स्पार्क प्लग की खराबी का संकेत हो सकता है। सही स्पार्क न बनने पर ईंधन पूरी तरह नहीं जलता, जिससे माइलेज कम हो जाता है। इसके साथ ही बाइक की पिकअप भी कमजोर हो जाती है। चढ़ाई पर बाइक सुस्त महसूस हो सकती है। लंबे समय तक ऐसा रहने पर इंजन के दूसरे पार्ट्स पर भी दबाव बढ़ सकता है।

Advertisement

#3

समय पर जांच और बदलना क्यों जरूरी?

मैकेनिक सलाह देते हैं कि स्पार्क प्लग की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। आमतौर पर कुछ हजार किलोमीटर चलने के बाद इसकी हालत देखनी जरूरी होती है। अगर प्लग पर कार्बन जमा हो जाए या उसका सिरा घिस जाए तो उसे बदल देना चाहिए। सस्ता सा यह पार्ट समय पर बदलने से इंजन की लाइफ बढ़ती है, माइलेज बेहतर रहता है और अचानक रास्ते में रुकने जैसी परेशानी से बचाव होता है।

Advertisement