नंबर प्लेट से की छेड़छाड़ के बाद भी नहीं बचोगे, हाई-टेक कैमरे काट रहे चालान
क्या है खबर?
गाड़ी चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालना करना पड़ता है। इनका उल्लंघन पाए जाने पर न केवल जुर्माना भरना पड़ता है, बल्कि कई बार कानूनी पचड़े में फंस जाते हैं। यातयात नियमों में वाहन पर सही नंबर प्लेट का लगा होना भी जरूरी होता है। अक्सर, लोग गाड़ी को थोड़ा अलग दिखाने के चक्कर में नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर देते हैं, जो नहीं करना चाहिए। आइये जानते हैं नंबर प्लेट से छेड़छाड़ का आपको क्या नुकसान उठाना पड़ेगा।
छेड़छाड़
इस तरह की जाती है नंबर प्लेट से छेड़छाड़
आजकल चालान काटने के लिए हाई-टेक कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन करके उनकी पहचान करते हैं। जुर्माने से बचने के लिए कुछ लोग नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करते हैं। वे नंबर या अक्षर बदल देते हैं या अलग फॉन्ट का इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में हैदराबाद में जांच के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को रोका तो पाया कि उसमें एक रिमोट-कंट्रोल्ड सिस्टम लगा था, जो कुछ ही सेकेंड में उसकी नंबर प्लेट बदल सकता था।
हाईटेक तकनीक
अब ऐसे काटा जा रहा चालान
कैमरों की पकड़ से बचने के लिए लोग नंबर प्लेट से की गई छेड़छाड़ तो नहीं पकड़ पाते, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाले ट्रैफिक कैमरे दूसरे तरीकों से आपकी चोरी पकड़ रहे हैं। आधुनिक सिस्टम वाहन के प्रकार, रंग, लोकेशन हिस्ट्री और यहां तक कि चेसिस और इंजन की जानकारी सहित कई डाटा बिंदुओं का विश्लेषण कर चालान काटते हैं। ऐसे में नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करने के बाद भी आप नियमों के उल्लंघन कर बच नहीं पाएंगे।
कार्रवाई
क्या हो सकती है कार्रवाई?
नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की हरकत मामूली उल्लंघन नहीं बल्कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर अपराध हैं। दोषियों पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और आपराधिक आरोप लग सकते हैं। यहां तक कि अवैध रूप से नंबर प्लेट में बदलाव करने वाले वर्कशॉप या तकनीशियनों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना जोखिम भरा है। जुर्माने से बचने की कोशिश में शुरू हुआ यह काम कहीं अधिक गंभीर परिणाम दे सकता है।