फॉक्सवैगन टाइगुन फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर का हुआ खुलासा, शुरू हुआ उत्पादन
क्या है खबर?
फॉक्सवैगन ने 9 अप्रैल को लॉन्च से टाइगुन फेसलिफ्ट से पर्दा उठा दिया है। साथ ही महाराष्ट्र के चाकन स्थित कारखाने में इसका उत्पादन शुरू कर दिया है। 2021 में पहली बार लॉन्च के बाद से फॉक्सवैगन टाइगुन में यह पहला बड़ा अपडेट है। जर्मन ऑटोमोबाइल कंपनी ने अपनी आगामी मिडसाइज SUV के डिजाइन को अपडेट किया है और इसमें कई नए और बेहतर फीचर्स भी दिए हैं। यह रेनो डस्टर, टाटा सिएरा, हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस से मुकाबला करेगी।
एक्सटीरियर
ज्यादा प्रीमियम है फेसलिफ्ट मॉडल का लुक
2026 फॉक्सवैगन टाइगुन को पूरी तरह से अपडेट किया गया फ्रंट फेसिया दिया गया है, जो टेरॉन से प्रेरित लगता है। स्टाइलिंग में किए गए कई बदलावों से इसका लुक और भी प्रीमियम हो गया है। इस फ्रंट में उभरी हुई चिन और क्रोम से सजी बड़ी हॉरिजॉन्टल स्लैट्स वाला नया बंपर, कनेक्टेड LED एलिमेंट वाले नए हेडलैंप और रोशन लोगो वाली स्लीक ग्रिल दी गई है। GT ट्रिम में भी इनमें से अधिकांश डिजाइन एलिमेंट्स समान हैं।
GT ट्रिम
ऐसा है GT ट्रिम का लुक
आगामी टाइगुन GT में फ्रंट डिफ्यूज़र, अलॉय व्हील्स, रियरव्यू मिरर (ORVM) हाउसिंग और रूफ रेल्स के लिए काले रंग का इस्तेमाल किया है। फ्रंट ग्रिल और दरवाजों पर लाल रंग के 'GT' बैज भी लगे हैं। नॉन-GT ट्रिम में सिल्वर फ्रंट डिफ्यूजर, ड्यूल रंग के अलॉय व्हील्स, क्रोम से सजे डोर हैंडल्स और सिल्वर रूफ रेल्स हैं। काले रंग की लोअर बॉडी क्लैडिंग और व्हील आर्च SUV को एक दमदार लुक देते हैं। रियर डिजाइन का खुलासा नहीं हुआ है।
इंजन
कैसे होंगे इंजन विकल्प?
जर्मन कार निर्माता ने आगामी टाइगुन फेसलिफ्ट के इंटीरियर के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है कि इसमें कई अपडेटेड फीचर्स होंगे। इनमें पैनोरमिक सनरूफ, मसाज वाली रियर सीटें, अपडेटेड डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और टच इंफोटेनमेंट यूनिट के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इंटीग्रेशन शामिल हो सकता है। इसके इंजन विकल्प मौजूदा मॉडल के समान ही रहने की उम्मीद है। कीमत मौजूदा मॉडल से अधिक होगी, जो 11.42-19.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।