LOADING...
TVS की बिक्री में आया 16 फीसदी का उछाल, दोपहिया वाहनों की बढ़ी मांग 
TVS ने पिछले महीने 4 लाख से अधिक दोपहिया वाहन बेचे हैं (तस्वीर: TVS मोटर)

TVS की बिक्री में आया 16 फीसदी का उछाल, दोपहिया वाहनों की बढ़ी मांग 

May 01, 2025
05:14 pm

क्या है खबर?

TVS मोटर ने बिक्री आंकड़ों का खुलासा किया है। कुल बिक्री सालाना 16 प्रतिशत बढ़कर 4.43 लाख हो गई है, जो अप्रैल, 2024 में 3.83 लाख थी। सेल्स रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान कंपनी की दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री (घरेलू और निर्यात) में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो पिछले साल इसी महीने 3.74 लाख की तुलना में पिछले महीने 4.3 लाख हो गई। दोपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री 3.01 लाख से बढ़कर 3.23 लाख पर पहुंच गई।

बाइक-स्कूटर 

कैसी रही बाइक-स्कूटर की बिक्री?

मोटरसाइकिल्स की बिक्री में सालाना 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़कर 2.2 लाख हो गई है। स्कूटर सेगमेंट में भी 18 फीसदी की मजबूत वृद्धि हुई है। TVS ने इस अवधि में 1.69 लाख स्कूटर बेचे हैं। कंपनी ने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट में भी वृद्धि हासिल की है। उसने पिछले महीने 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ अप्रैल में 27,684 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं। यह आंकड़ा एक साल पहले इसी महीने में 17,403 रहा था।

निर्यात 

निर्यात में हुआ इजाफा 

निर्यात के मामले में भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है। कुल विदेशी बिक्री 45 प्रतिशत बढ़कर 1.16 लाख हो गई है। इस दौरान दोपहिया वाहनों का निर्यात 46 प्रतिशत बढ़कर 1.06 लाख पर पहुंच गया, जबकि अप्रैल, 2024 में यह 73,143 था। थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बिक्री शानदार रही है। इसकी बिक्री 50 प्रतिशत बढ़कर अप्रैल में 13,566 पर पहुंच गया है। पिछले साल इसी महीने में 9,023 तिपहिया वाहन बेचे गए थे।