Page Loader
TVS और BMW ने भारत में साझेदारी के पूरे किए 10 साल, बेची 1.4 लाख बाइक्स 
TVS और BMW की साझेदारी अब तक 1.4 लाख यूनिट बाइक्स बेची गई हैं (तस्वीर: BMW मोटरराड)

TVS और BMW ने भारत में साझेदारी के पूरे किए 10 साल, बेची 1.4 लाख बाइक्स 

Aug 16, 2023
06:04 pm

क्या है खबर?

दोपहिया वाहन निर्माता TVS मोटर और BMW मोटरराड भारत में अपनी साझेदारी के 10 साल पूरे होने का जश्न मना रही हैं। यह साझेदारी 2013 में शुरू हुई थी और दोनों ने मिलकर बाइक्स के लिए नया 310cc प्लेटफॉर्म तैयार किया। इस पर अब तक कुल 4 बाइक्स पेश की जा चुकी हैं, जिनमें से 3 BMW की और 1 TVS की है। बाइक निर्माताओं ने इन सभी बाइक्स की 1.4 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।

साझेदारी 

BMW की आगामी बाइक्स का डिजाइन भी तैयार करेगी TVS 

2013 में हुई इस साझेदारी के सकारात्मक परिणाम आने के बाद दोनों कंपनियों ने दिसंबर, 2021 में इसे और आगे बढ़ा दिया। इसके तहत अब दोनों साझेदार इलेक्ट्रिक वाहनों सहित नए प्लेटफॉर्म और एडवांस तकनीकी के विकास पर फोकस करेंगे। इसके अलावा, TVS भविष्य में आने वाली BMW की बाइक्स डिजाइन और उत्पादन करेगी। वर्तमान में कंपनी होसुर के प्लांट में TVS अपाचे RR 310, BMW G310 RR, BMW G 310 R और BMW 310 GS का उत्पादन करती है।

लॉन्च 

6 सितंबर को लॉन्च होगी TVS की नई बाइक 

TVS इस साझेदारी के तहत अपनी अपाचे RTR 310 बाइक ला रही है, जिसे 6 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। यह कंपनी की फ्लैगशिप बाइक TVS अपाचे RR 310 पर आधारित एक नेकेड स्ट्रीट मॉडल हो सकता है। इस बाइक के बारे में ज्यादा जानकारी लॉन्च के समय ही सामने आएगी। इसे भारत में 2.2 लाख रुपये (एक्स-शाेरूम) कीमत पर पेश किया जा सकता है। यह KTM ड्यूक 390, BMW G310 R, और होंडा CB300R से मुकाबला करेगी।