Page Loader
ट्रंप टैरिफ का टोयोटा के मुनाफे पर असर, 21 प्रतिशत तक गिरावट का अनुमान
ट्रंप टैरिफ से टोयोटा के मुनाफे में गिरावट का अनुमान (तस्वीर: अनस्प्लैश)

ट्रंप टैरिफ का टोयोटा के मुनाफे पर असर, 21 प्रतिशत तक गिरावट का अनुमान

May 08, 2025
02:44 pm

क्या है खबर?

दुनिया की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी टोयोटा मोटर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ के कारण मुनाफे में गिरावट का सामना करना पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 21 प्रतिशत मुनाफा घटने का अनुमान जताया है। वित्त वर्ष 2025-26 में टोयोटा की ऑपरेटिंग आय 3.8 लाख करोड़ येन (लगभग 2,240 अरब रुपये) रहने की उम्मीद है, जो पिछले वर्ष 4.8 लाख करोड़ येन (लगभग 2,830 अरब रुपये) थी।

वजह

 मुनाफे में गिरावट की प्रमुख वजहें क्या हैं?

टोयोटा ने बताया कि मुनाफे में यह गिरावट कई वजहों से हो रही है। इनमें डॉलर के मुकाबले येन की मजबूती, कच्चे माल की बढ़ती कीमतें और अमेरिका में टैरिफ शामिल हैं। इसके साथ ही, इन कारणों से अमेरिका और अन्य देशों में उपभोक्ताओं की खरीदने की भावना पर भी असर पड़ रहा है। अगर टोयोटा को अमेरिका में अपना उत्पादन बढ़ाना पड़ा तो कंपनी को ज्यादा श्रम लागत और भारी निवेश जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

 चुनौती 

अन्य देशों में भी चुनौती जारी

टोयोटा को चीन जैसे बड़े बाजारों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अन्य जापानी कंपनियों की तुलना में इसकी बिक्री में कम गिरावट आई है, लेकिन स्थानीय चीनी कंपनियों से मिल रही सख्त प्रतिस्पर्धा के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। कंपनी ने माना कि दुनिया के सबसे बड़े ऑटो बाजार में टिके रहना अब और मुश्किल होता जा रहा है। आने वाले महीनों में टोयोटा को अपनी रणनीति पर फिर विचार करना पड़ सकता है।