ट्रायम्फ स्पीड 400 और स्क्रैम्ब्लर 400X बाइक हुई पेश, जानिए इनके जरुरी फीचर्स
क्या है खबर?
प्रीमियम बाइक निर्माता कंपनी ट्रायम्फ ने वैश्विक बाजार में अपनी सबसे किफायती 400cc बाइक स्पीड 400 और स्क्रैम्ब्लर 400X पेश कर दिया है।
भारतीय बाजार में इन दोनों बाइक्स को 5 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा। ये बजाज के साथ ट्रायम्फ की साझेदारी से आने वाली पहली बाइक हैं और इन्हें बजाज द्वारा भारत में बनाया जाएगा।
स्पीड 400 कंपनी की स्पीड ट्विन 900 पर आधारित है, जबकि स्क्रैम्बलर 400X का डिज़ाइन स्क्रैम्बलर 900 से लिया गया है।
लुक
कैसी दिखती है दोनों बाइक्स?
ट्रायम्फ इन दोनों नई लेटेस्ट बाइक को हाइब्रिड स्पाइन/पेरिमीटर फ्रेम पर बनाया गया है। इनमें मस्कुलर फ्यूल टैंक के साथ LED हेडलाइट्स और टेललाइट्स दिए गए हैं। इनमें USB चार्जिंग पोर्ट और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी है।
स्पीड 400 में मेटज़ेलर स्पोर्टेक टायर के साथ 17-इंच के पहिए मौजद हैं, जबकि स्क्रैम्बलर 400X में सामने 19-इंच और पीछे 17-इंच अलॉय व्हील उपलब्ध है।
स्पीड 400 का वजन 170 किलोग्राम और 400X का वजन 179 किलोग्राम है।
इंजन
नए TR-सीरीज इंजन का हुआ है इस्तेमाल
ट्रायम्फ ने इन दोनों बाइक्स में एक बिल्कुल नया सिंगल-सिलेंडर इंजन जोड़ा है, जिसे ट्रायम्फ TR-सीरीज नाम दिया गया है। यह 398cc का एक लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन है।
यह इंजन 8000rpm पर 40hp की पावर और 6500rpm पर 37.5Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
दिलचस्प बात यह है कि ट्रायम्फ की बड़ी 900cc ट्विन-सिलेंडर दोपहिया वाहन में 5-स्पीड गियरबॉक्स भी मिलता है।
फीचर्स
दोनों बाइक में दिए गए हैं ये स्टैंडर्ड फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो इन दोनों बाइक्स में कई स्टैंडर्ड फीचर्स दिए गए हैं। इनमें राइड-बाय-वायर, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, एक इम्मोबिलाइज़र, असिस्ट क्लच, डैश में एक बड़ा एनालॉग स्पीडोमीटर है जिसके बगल में एक छोटी LCD स्क्रीन भी दी गई है।
स्क्रीन पर एक डिजिटल टैकोमीटर, एक गियर पोजीशन इंडिकेटर, ट्रिप डेटा और एक फ्यूल मिटर भी उपलब्ध हैं। कंपनी ने इन बाइक्स में हीटेड ग्रिप भी दिया है। स्क्रैम्ब्लर एक ऑफ-रोडिंग और स्पीड 400 स्पोर्टी बाइक होगी।
सेफ्टी
सुरक्षा के लिए बाइक में दिए गए हैं ये फीचर्स
राइडर की सुरक्षा और ट्रायम्फ स्पीड 400 और स्क्रैम्ब्लर 400X को बेहतरीन संचालन देने के लिए इनमें स्विचेबल एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। स्क्रैम्बलर में स्पीड की 300mm यूनिट की तुलना में थोड़ा बड़ा 320mm फ्रंट डिस्क दिया गया है।
सस्पेंशन के लिए स्क्रैम्ब्लर 400X में 150mm पिस्टन फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक यूनिट दिया गया है। वहीं स्पीड 400 में मोनोशॉक यूनिट के साथ 140mm फ्रंट फोर्क्स दिया गया है।
जानकारी
क्या होगी इन बाइक्स की कीमत?
भारतीय बाजार में इन दोनों बाइक्स की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इनके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इन्हें करीब 3 लाख रुपये की शुरूआती कीमत के आस-पास उतारा जा सकता है।